अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर मुख्यमंत्री योगी ने किया नमन, कहा— लखनऊ के लिए गौरव का दिन

ब्यूरो रिपोर्ट,लखनऊ : देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पावन जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने उत्तर प्रदेश से अनेक बार देश की संसद में प्रतिनिधित्व किया और यह प्रदेश की राजधानी लखनऊ के लिए गर्व का विषय है कि उन्होंने यहीं से प्रतिनिधित्व करते हुए देश के प्रधानमंत्री के रूप में सेवा की।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अटल जी ने प्रधानमंत्री रहते हुए देश को विकास की नई दिशा और स्पष्ट विजन दिया। उनके नेतृत्व में भारत ने सुशासन, लोकतांत्रिक मूल्यों और वैश्विक मंच पर सम्मान की नई पहचान बनाई। उन्होंने कहा कि अटल जी का यह योगदान देश के इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगा और यह वर्ष अटल जी की स्मृतियों के लिहाज से विशेष महत्व रखता है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी की जन्मशती को पूरे देश में उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर उनकी कविताओं के काव्यपाठ, उनके लेखन पर विमर्श, पत्रकारिता से जुड़े योगदान और संसद व अंतरराष्ट्रीय मंचों पर दिए गए ऐतिहासिक भाषणों को केंद्र में रखकर विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण संस्थानों में अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का विराट व्यक्तित्व और उनका कृतित्व आज भी देशवासियों को नई प्रेरणा देता है। उनकी जन्मशती के अवसर पर डबल इंजन सरकार द्वारा उनकी स्मृतियों को चिरस्थायी बनाने के लिए ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ का निर्माण किया गया है। यह स्थल अटल जी के प्रति विनम्र श्रद्धांजलि है और उनके विचारों व कर्मों से राष्ट्र को निरंतर प्रेरित करता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *