आचार्य 108 वसुनंदी महाराज का महमूदाबाद में भव्य आगमन, गाजे-बाजे संग निकली स्वागत शोभायात्रा

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर : दिल्ली से झारखंड की ओर पदविहार कर रहे प्रख्यात दिगम्बर जैन संत आचार्य 108 वसुनंदी महाराज के नेतृत्व में 26 जैन संतों का संघ शनिवार को महमूदाबाद पहुँचा। आचार्य संघ के नगर आगमन पर जैन अनुयायियों ने गाजे-बाजे और भक्तिभाव के साथ भव्य शोभायात्रा निकालकर स्वागत किया। नगर के विभिन्न स्थानों पर तोरण द्वार सजाए गए, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।

शनिवार दोपहर बेहमा में रात्रि प्रवास के बाद आचार्य वसुनंदी महाराज ने महमूदाबाद की ओर पदविहार प्रारंभ किया। बेहमा से सिरौली होते हुए अग्रवाल पेट्रोल पंप पर आचार्य मिलन के पश्चात आचार्य संघ नगर सीमा में पहुँचा, जहाँ ढोल-नगाड़ों के साथ जैन समाज के लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाएँ नृत्य करती हुई शोभायात्रा में शामिल रहीं, वहीं बालिका मंडल, महिला मंडल एवं पुरुष मंडल ने पूर्ण श्रद्धा के साथ सहभागिता निभाई।

स्वागत शोभायात्रा सिधौली क्रॉसिंग से प्रारंभ होकर बस स्टॉप और नई बाजार होते हुए जैन मंदिर पहुँची। जैन मंदिर में आचार्य संघ ने विराजमान तीर्थंकरों के दर्शन एवं पूजन किए। इससे पूर्व क्षेत्रीय विधायक आशा मौर्य ने भेथरामाधव में आचार्य संघ से आशीर्वाद प्राप्त किया।
आचार्य संघ के आगमन को लेकर नगर पालिका परिषद द्वारा पूरे मार्ग पर साफ-सफाई एवं चूने का छिड़काव कराया गया। इस अवसर पर अतुल वर्मा, मंडी सचिव ऋषभ जैन, जैन समाज अध्यक्ष अभिषेक जैन,अनुज कुमार जैन, आलोक जैन, नीरज जैन, नेमीचंद्र जैन, अशोक जैन,शैलेश जैन सहित बड़ी संख्या में जैन समाज के साथ महिलाएं भी उपस्थित रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *