ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर : विकास खंड पहला अंतर्गत ग्राम पंचायत बिरासी के बरवलिया गांव में ग्राम पंचायत की घोर लापरवाही ग्रामीणों पर भारी पड़ रही है। नाली निर्माण कार्य न कराए जाने के कारण गांव के मुख्य मार्ग पर लगातार जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे ग्रामीणों का आवागमन दूभर हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से घरों व नालियों का गंदा पानी सीधे रास्ते पर बह रहा है, जिससे सड़क पर कीचड़ व गंदगी फैल गई है। बरसात के दिनों में हालात और भी बदतर हो जाते हैं। बच्चों, बुजुर्गों व महिलाओं को निकलने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं संक्रमण व बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस गंभीर समस्या की जानकारी कई बार ग्राम प्रधान व ग्राम पंचायत सचिव को दी गई, लेकिन अब तक न तो नाली निर्माण कराया गया और न ही जलनिकासी की कोई वैकल्पिक व्यवस्था की गई। इससे साफ है कि जिम्मेदार अधिकारी व जनप्रतिनिधि समस्या को लेकर पूरी तरह उदासीन बने हुए हैं।
इतना ही नहीं, नाली के पास लगा सरकारी हैंडपंप भी लंबे समय से खराब पड़ा है। ग्रामीणों के अनुसार हैंडपंप से गंदा पानी निकलता है, जिसमें कीड़े तक दिखाई देते हैं। जब इस संबंध में ग्राम प्रधान से शिकायत की गई तो उन्होंने हैंडपंप की मरम्मत कराने के बजाय ग्रामीणों को ही मिस्त्री बुलवाकर खर्च देने की सलाह दे दी, जो उनकी गैर-जिम्मेदाराना कार्यशैली को दर्शाता है।
बरवलिया गांव के ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ग्राम पंचायत सचिव व प्रधान की कार्यप्रणाली की जांच कराई जाए तथा जल्द से जल्द नाली निर्माण, जलनिकासी और हैंडपंप की मरम्मत कराकर ग्रामीणों को राहत दिलाई जाए। यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीणों ने एक बड़ा गांव में आंदोलन करने की बात कहीं।
