ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर : विकासखंड पहला की ग्राम पंचायत रसूलपुर तराई से आगामी पंचायत चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में ग्राम दर्जिन पुरवा निवासी रिजवान अली अधिवक्ता एवं समाजसेवक ने प्रधान पद के लिए अपनी दावेदारी घोषित कर दी है।
उनके चुनाव मैदान में उतरने से पंचायत की राजनीति में नई हलचल देखने को मिल रही है। रिजवान अली लंबे समय से अधिवक्ता के रूप में कार्य करते हुए न्यायिक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इसके साथ ही वे समाजसेवा के कार्यों में भी निरंतर जुटे रहे हैं। गरीब, असहाय और शोषित वर्गों को न्याय दिलाने, सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और ग्रामीण समस्याओं को प्रशासनिक स्तर पर मजबूती से उठाने के लिए वे क्षेत्र में जाने जाते हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि रिजवान अली हमेशा जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को सुनते और समाधान के लिए प्रयास करते रहे हैं। चाहे बिजली, पानी, सड़क, नाली, आवास, पेंशन या शिक्षा-स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दे हों, वे हर स्तर पर सक्रिय नजर आए हैं। यही कारण है कि उन्हें युवाओं के साथ-साथ बुजुर्गों और महिलाओं का भी समर्थन मिल रहा है।
ग्राम प्रधान पद के भावी प्रत्याशी रिजवान अली ने कहा कि यदि जनता ने उन्हें सेवा का अवसर दिया, तो ग्राम पंचायत रसूलपुर तराई में पारदर्शी और समावेशी विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। पंचायत में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाना, विकास कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करना, सभी वर्गों को समान सम्मान और अधिकार दिलाना तथा शासन की योजनाओं को बिना भेदभाव अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनका लक्ष्य रहेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि ग्राम पंचायत को एक आदर्श पंचायत के रूप में विकसित करने के लिए वे ग्रामवासियों को साथ लेकर चलेंगे और हर निर्णय में जनता की सहभागिता सुनिश्चित करेंगे। उनके इस ऐलान के बाद क्षेत्र में चुनावी माहौल और अधिक सक्रिय हो गया है, वहीं ग्रामीणों में आगामी चुनाव को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।
