ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: विकास खण्ड पहला परिसर में आयोजित “12 वर्ष विश्वास के जनसंवाद कार्यक्रम” के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ मानी जाने वाली आशा बहुओं को उनके उत्कृष्ट कार्यों एवं जनसेवा में महत्वपूर्ण योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में आशा कार्यकर्ताओं के चेहरे गर्व, उत्साह और आत्मविश्वास से दमक उठे।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महमूदाबाद विधायक आशा मौर्य ने सम्मानित आशा बहुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने में आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं की देखभाल, सुरक्षित प्रसव, नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य संरक्षण, टीकाकरण अभियान, पोषण जागरूकता और विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने में आशा बहुएं महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य कर रही हैं।
विधायक ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में आशा कार्यकर्ताओं का योगदान अतुलनीय है। उनका समर्पण, परिश्रम और सेवा भाव समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने आशा बहुओं से भविष्य में भी इसी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ जनसेवा में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित लोगों को स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण तथा आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में हुए कार्यों की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि सरकार जनहित और जनसेवा के प्रति पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि उपेंद्र कुमार यादव, खंड विकास अधिकारी अमित कुमार यादव, एडीओ पंचायत दिनेश मिश्रा, मंडल अध्यक्ष विजय सिंह तोमर, जिला मंत्री कमलेश तिवारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने आशा बहुओं के कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सम्मान प्राप्त करने वाली आशा बहुओं ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए गर्व का विषय है। इससे उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में और अधिक लगन, जिम्मेदारी एवं समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण, जनसेवा और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ। आशा बहुओं के सम्मान ने पूरे विकास खण्ड पहला क्षेत्र में सेवा, समर्पण और जनकल्याण का सकारात्मक संदेश प्रसारित किया।
