मां संकटा देवी धाम परिसर में भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन, संतों ने दिया संगठित हिंदू व समर्थ भारत का संदेश

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर : महमूदाबाद नगर क्षेत्र में स्थित मां संकटा देवी धाम परिसर में रविवार को एक भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में मल्लूक पीठाधीश्वर संतोष दास खाकी महाराज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि ब्रह्म ऋषि स्वामी विमलानंद सरस्वती महाराज ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

इस सम्मेलन का आयोजन सकल हिंदू समाज आयोजन समिति के तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य “संगठित हिंदू” एवं “समर्थ भारत” के विचार को जन-जन तक पहुंचाना रहा। सम्मेलन के दौरान हिंदू समाज से जुड़े विभिन्न ज्वलंत एवं महत्वपूर्ण मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श किया गया।

संतों एवं वक्ताओं ने अपने उद्बोधन में समाज को एकजुट रहने, सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा करने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय नागरिक एवं गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

कार्यक्रम रविवार को दोपहर से प्रारंभ होकर सायं लगभग चार बजे तक चला। इस अवसर पर रमेश बाजपेई, जयपाल, अंजनेय बाजपेई, धनंजय बाजपेई, मृतुंजय बाजपेई, देवेश मिश्रा, अमित राठौर एवं चक्रपाणि सहित अनेक प्रमुख लोग उपस्थित रहे।

सम्मेलन का समापन शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में हुआ, जिसमें समाज में एकता और राष्ट्रहित के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *