ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: महमूदाबाद कोतवाली नगर क्षेत्र की एक महिला ने न्यू नेशनल हॉस्पिटल के प्रबंधक डॉ. इरफान खान पर शादी कर उसे झांसा देकर मानसिक एवं भावनात्मक प्रताड़ना करने तथा जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक सीतापुर को प्रार्थना पत्र सौंपकर मुकदमा दर्ज किए जाने, निष्पक्ष जांच कराने और अपनी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
पीड़ित महिला का आरोप है कि डॉ. इरफान खान ने स्वयं को अविवाहित बताते हुए संबंध स्थापित किए और करीब छह वर्ष पूर्व शादी की। महिला का कहना है कि शादी के बाद उसे पत्नी का दर्जा नहीं दिया गया और न ही उसे अपने साथ रखा गया। उसका आरोप है कि विश्वास में लेकर उसके जीवन के साथ खिलवाड़ किया गया, जिससे उसे सामाजिक और मानसिक रूप से गंभीर आघात पहुंचा है।
महिला ने अपने प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि उसने पूर्व में भी थाना महमूदाबाद और महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 पर भी शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता के अनुसार शिकायत संख्या 2026/पी ओ एल/227352 के माध्यम से उसने न्याय की गुहार लगाई थी, लेकिन अब तक उसे अपेक्षित राहत नहीं मिल सकी।
पीड़िता का यह भी आरोप है कि उसे लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं, जिससे वह भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन यापन करने को मजबूर है। उसने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में संबंधित पक्ष को जिम्मेदार ठहराने की बात भी कही है।
महिला का कहना है कि वह लंबे समय से न्याय के लिए विभिन्न स्तरों पर गुहार लगा रही है, लेकिन अब तक उसे इंसाफ नहीं मिल पाया है। ऐसे में उसने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने और मामले का शीघ्र निस्तारण कराने की अपील की है।
हालांकि, इस मामले में डॉ. इरफान खान ने भी में प्रेस वार्ता कर अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बता चुके हैं। उनका कहना था कि उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है और यदि किसी सक्षम एजेंसी द्वारा जांच कराई जाती है तो वह उसमें पूरा सहयोग करेंगे।
नोट: यह मामला वर्तमान में जांच और कानूनी प्रक्रिया के अधीन है। खबर में उल्लिखित आरोप संबंधित दोनों पक्षों के द्वारा लगाए गए हैं, जिनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। जिससे हमारा संदेश मित्र डिजिटल न्यूज दोनों पक्षों द्वारा एक दूसरे पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि नहीं करता है। और इस मामले की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
