डीएलएड/बीटीसी पूर्व प्रशिक्षुओं का एल्युमिनाई मीट संपन्न अनुभवों और सफलता की कहानियों से गुंजा डाइट खैराबाद

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) खैराबाद, सीतापुर में आज डीएलएड/बीटीसी बैच 2022 तक के पूर्व प्रशिक्षुओं का एल्युमिनाई मीट (पूर्व प्रशिक्षु छात्र-छात्रा मिलन समारोह) बड़े उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के प्राचार्य एवं उप शिक्षा निदेशक डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर संस्थान के प्रवक्ताओं ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधनों के माध्यम से पूर्व प्रशिक्षुओं को शिक्षण क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्टता के लिए प्रेरित किया।

पूर्व प्रशिक्षुओं ने मंच साझा करते हुए अपने संघर्षों, अनुभवों और सफलता की कहानियों को साझा किया। उन्होंने बताया कि कैसे प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त शिक्षाओं ने उन्हें जीवन में आगे बढ़ने और समाज में शिक्षा की अलख जगाने में सहयोग किया। संस्थान के कई पूर्व प्रशिक्षु आज विभिन्न सरकारी विभागों में महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत हैं, जबकि कई प्रशिक्षु शिक्षक बनकर शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में अपना योगदान दे रहे हैं।कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्य डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह ने सभी प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा कि एक शिक्षक की सफलता उसके विद्यार्थियों की सफलता में निहित होती है।

उन्होंने बताया कि सफलता का वास्तविक अर्थ जीवन में सकारात्मक रहकर निरंतर सीखते रहना है। एल्युमिनाई मीट में पूर्व और वर्तमान प्रशिक्षुओं को अपने अनुभव साझा करने का अवसर प्रदान किया गया। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी अमित कुमार ने आयोजन में सहयोग देने के लिए प्राचार्य एवं समस्त प्रवक्ताओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में संस्थान के प्रवक्ता, कर्मचारीगण, पूर्व प्रशिक्षु और वर्तमान प्रशिक्षु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। मंच पर शिक्षा, प्रेरणा और अनुभवों का संगम देखकर वातावरण उत्साह और गर्व से सराबोर रहा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *