पेड़ से लटकता मिला युवक का शव, इलाके में मचा हड़कंप

ब्यूरो रिपोर्ट ,सीतापुर: थाना रामपुर कला क्षेत्र अंतर्गत मझिगवां के पच्छतर गांव के पास शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब बिसवां-सिधौली मार्ग किनारे कंजी के पेड़ से एक युवक का शव रस्सी के फंदे से लटकता मिला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना पाकर थाना रामपुर कला पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर उसकी पहचान कराई। मृतक की पहचान रजनू पुत्र बंशी लाल (लगभग 25 वर्ष) निवासी ग्राम नसीरपुर थाना बिसवां, जनपद सीतापुर के रूप में हुई। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी।

परिजनों के अनुसार मृतक गुरुवार शाम घर से लखनऊ मजदूरी करने जाने की बात कहकर निकला था। मृतक के भाई मेवा लाल ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे सूचना मिली कि रजनू का शव पेड़ से लटका हुआ है। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थाना प्रभारी रामपुर कला लल्ला गोस्वामी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। फॉरेंसिक टीम द्वारा जांच-पड़ताल कराई गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *