छंगापुर में मिड-डे मील अनियमितता मामले में बड़ी कार्रवाई, प्रधानाध्यापिका और रसोइया के खिलाफ एफआईआर दर्ज

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर:  विकास खंड महमूदाबाद के प्राथमिक विद्यालय छंगापुर में मिड-डे मील योजना में अनियमितता के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। सोशल मीडिया पर वायरल हुई शिकायत और प्रशासनिक जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद प्रधानाध्यापिका एवं रसोइया के विरुद्ध कोतवाली महमूदाबाद में एफआईआर दर्ज कराई गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 3 अगस्त 2026 को सोशल मीडिया पर प्राथमिक विद्यालय छंगापुर में मिड-डे मील की गुणवत्ता को लेकर शिकायत वायरल हुई थी। जिलाधिकारी के निर्देश पर 5 अगस्त 2026 को खंड शिक्षा अधिकारी महमूदाबाद ने विद्यालय पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान अभिभावकों, छात्र-छात्राओं एवं ग्राम प्रधान दयाराम से जानकारी ली गई।

जांच में सामने आया कि विद्यालय में सब्जी वितरण के दिन सब्जी की गुणवत्ता खराब रहती थी और पर्याप्त मात्रा में सब्जी नहीं मिलाई जाती थी, जबकि पानी अधिक रहता था। वहीं दूध वितरण के दिन भी बच्चों को निर्धारित मात्रा में दूध उपलब्ध नहीं कराया जाता था।

जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सीतापुर ने प्रधानाध्यापिका कल्पना वर्मा को निलंबित कर दिया, जबकि रसोइया अनीता (रसोइया) को सेवा से पृथक कर दिया गया। इसके साथ ही दोनों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए।

एफआईआर में यह भी उल्लेख किया गया है कि जांच के दौरान पाया गया कि बच्चों को दिए जाने वाले मिड-डे मील में निर्धारित मानकों के विपरीत मिल्क पाउडर का उपयोग किया जा रहा था, जबकि नकद धनराशि से ताजा दूध खरीदकर बच्चों को उपलब्ध कराया जाना था।

इस कार्य में प्रधानाध्यापिका और रसोइया दोनों की भूमिका पाए जाने पर उनके खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *