थाना रेउसा में 11 निर्मित/अर्द्धनिर्मित अवैध शस्त्र, देशी बंदूक व हथियार बनाने के उपकरण हुए बरामद
ब्यूरो रिपोर्ट ,सीतापुर : रेउसा इलाके में अवैध हथियारों के निर्माण एवं आपूर्ति पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना रेउसा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने खेतों के बीच संचालित एक अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
सीतापुर पुलिस अधीक्षक द्वारा जनपद में अपराध नियंत्रण एवं संगठित गिरोहों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इन्हीं निर्देशों के अनुपालन में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी बिसवां के नेतृत्व में थाना रेउसा पुलिस टीम ने दिनांक 26 दिसंबर 2025 को ग्राम जबरपुरवा में कार्रवाई की।
पुलिस टीम ने गांव के बाहर खेतों के बीच बने एक खंडहरनुमा टीले में छापा मारकर भोला उर्फ बढ़ई एवं उसके पुत्र संतोष को अवैध शस्त्रों का निर्माण करते हुए गिरफ्तार किया। दोनों अभियुक्त मूल रूप से थाना बिसवां क्षेत्र के निवासी हैं तथा वर्तमान में थाना रेउसा क्षेत्र में रह रहे थे।
बरामदगी : मौके से पुलिस ने लगभग एक दर्जन निर्मित एवं अर्द्धनिर्मित अवैध शस्त्र, एक देशी बंदूक, जिंदा व खोखा कारतूस तथा शस्त्र निर्माण में प्रयुक्त भारी मात्रा में उपकरण बरामद किए। इनमें 315 बोर एवं 12 बोर के तमंचे, कारतूस, भट्टी, लोहे की मशीनें, हथौड़ी, आरी, पाइप, रॉड, नाल व अन्य औजार शामिल हैं।
आपराधिक इतिहास : गिरफ्तार अभियुक्त भोला उर्फ बढ़ई के विरुद्ध पूर्व में अवैध शस्त्र एवं अवैध शराब से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अभियुक्त संतोष के खिलाफ भी आबकारी अधिनियम एवं आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमे पंजीकृत रहे हैं।
कानूनी कार्रवाई : बरामद अवैध शस्त्र फैक्ट्री के संबंध में थाना रेउसा में मु0अ0सं0 607/25 धारा 5/25 एवं 25(1-बी) आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा अपराध से अर्जित संपत्ति के संबंध में साक्ष्य संकलित कर जब्तीकरण की कार्रवाई भी की जाएगी।
पुलिस टीम : इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष रेउसा हनुमन्त तिवारी, उ0नि0सुरेन्द्र सिंह, मुख्य आरक्षी राहुल कुमार, आरक्षी संजय वर्मा, आरक्षी विक्की सागर, आरक्षी विकुल कुमार , आरक्षी योगेश कुमार, आरक्षी तरूण कुमार समेत कई अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
तो वहीं पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
