ब्यूरो रिपोर्ट , सीतापुर: तहसील महमूदाबाद में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान एक निजी शिक्षण संस्थान को लेकर गंभीर आरोप सामने आए। मोहल्ला बीबीपुर, थाना महमूदाबाद निवासी शिवम कुमार पुत्र धर्मेंद्र कुमार ने लिखित शिकायत पत्र सौंपकर सीता इंटर कॉलेज एवं सीता चिल्ड्रेन एकेडमी के संचालन, परीक्षा प्रणाली तथा भवन निर्माण में व्यापक अनियमितताओं का आरोप लगाया है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि उक्त शिक्षण संस्थानों में सुनियोजित तरीके से छात्र-छात्राओं को नकल कराई जाती है और उन्हें मेरिट सूची में शामिल कराया जाता है, जिससे परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर गंभीर प्रश्न खड़े हो रहे हैं।
और शिकायत पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि महमूदाबाद नगर क्षेत्र स्थित गाटा संख्या 508, जो शत्रु संपत्ति के रूप में दर्ज है, तथा गाटा संख्या 509, जो नगर पालिका की भूमि बताई जा रही है, पर कथित रूप से अवैध निर्माण कर सीता चिल्ड्रेन एकेडमी का संचालन किया जा रहा है।
आरोप यह भी है कि लगभग पांच मंजिला भवन का निर्माण नियमों की अनदेखी करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मिलीभगत से कराया गया। इसके अलावा शिकायत में यह भी कहा गया है कि विद्यालय के चारों ओर पर्याप्त रास्ते की व्यवस्था नहीं है तथा भवन निर्माण मानकों और सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया गया, जिससे विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंताएं उत्पन्न हो रही हैं।
इन सभी आरोपों को लेकर शिकायतकर्ता ने संपूर्ण समाधान दिवस में उपस्थित जिलाधिकारी सीतापुर डॉ. राजा गणपति आर. तथा उपजिलाधिकारी महमूदाबाद बी.के. सिंह को शिकायती पत्र सौंपते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रशासन की ओर से शिकायत को संज्ञान में लेते हुए मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया गया है।
