ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: महमूदाबाद नगर क्षेत्र में पैगंबर मोहम्मद साहब के यौम-ए-पैदाइश के अवसर पर महमूदाबाद में बारावफात का पर्व अकीदत और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पारंपरिक जुलूस-ए-मुहम्मदी निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने हिस्सा लिया। जुलूस के दौरान नातख्वानी और सलाम पेश किए गए, जिससे पूरा माहौल रूहानी हो गया।
जुलूस का शुभारंभ मोहल्ला बेलदारी टोला स्थित मदरसा नूरुल उलूम कादरिया से हुआ। महमूदाबाद नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष आमिर अराफात ने हरी झंडी दिखाकर जुलूस को रवाना किया। जुलूस ठठेरी बाजार, बजाजा चौराहा, बस स्टैंड, सिधौली रोड, पैगम्बरपुर, संगतकिला, चिकमंडी और कुरैशी मार्ग से होते हुए वापस मदरसा नूरुल उलूम कादरिया पहुंचा, जहां जुलूस का समापन हुआ।
जुलूस में दूर-दराज से पहुंची विभिन्न अंजुमनों ने नात और सलाम पेश किए। रास्ते भर अकीदतमंदों ने पैगंबर-ए-इस्लाम की शान में नारे लगाए और उनके बताए रास्ते पर चलने का संदेश दिया।
इस दौरान मौलाना नूरुल हुदा, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष आमिर अराफात, राशिद कामरीन, अनवर हुसैन, सभासद चक्र सुदर्शन पांडेय, सैफ, तैय्यब आजाद, हाशिम सिद्दीकी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
जुलूस को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। क्षेत्राधिकारी वेद प्रकाश श्रीवास्तव और कोतवाली प्रभारी भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिसकर्मियों ने पूरे जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रखी।
बताया गया कि महमूदाबाद में जुलूस-ए-मुहम्मदी की शुरुआत कई दशक पहले स्वर्गीय मोहम्मद असलम सचिव ने की थी। तभी से यह जुलूस परंपरागत रूप से निकाला जाता रहा है।
