बेहमा से भदरास मार्ग पर जानलेवा गड्ढे, स्कूली बच्चों सहित राहगीरों की बढ़ी मुश्किलें , सड़क मरम्मत कराएं जाने कि मांग

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर : तहसील महमूदाबाद क्षेत्र के बेहमा से भदरास जाने वाले मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति स्थानीय ग्रामीणों, राहगीरों और स्कूली बच्चों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गई है। सड़क पर जगह-जगह बने बड़े गड्ढे आए दिन दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं।

सबसे अधिक परेशानी स्कूल आने-जाने वाले बच्चों, दोपहिया वाहन चालकों, साइकिल सवारों, बुजुर्गों तथा महिलाओं को उठानी पड़ रही है। बरसात के कारण गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता।

ऐसे में स्कूल जाने वाले बच्चे साइकिल से गुजरते समय अक्सर फिसल जाते हैं, जबकि बाइक और अन्य दोपहिया वाहन चालक भी संतुलन खोकर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर प्रतिदिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं और कई बार बाइक पर सवार महिलाएं व बच्चे भी घायल हो चुके हैं। स्थानीय निवासी जमील ने बताया कि सड़क पर बने गड्ढे लोगों की जान के लिए खतरा बन चुके हैं।

उन्होंने प्रशासन से मांग की कि समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सड़क की मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं पर रोक लग सके।
वहीं सुनील, मान सिंह, राहुल सिंह, जीशान सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से सड़क की हालत खराब है।

लेकिन संबंधित विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। उनका कहना है कि बरसात के मौसम में स्थिति और भी भयावह हो जाती है। सड़क पर जलभराव होने से गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे रोजाना स्कूली बच्चे, साइकिल सवार और बाइक चालक हादसों का शिकार हो रहे हैं।

ग्रामीणों और राहगीरों ने लोक निर्माण विभाग तथा जिला प्रशासन से मांग की है कि बेहमा-भदरास मार्ग की तत्काल मरम्मत कराकर गड्ढों को भरा जाए, ताकि स्कूली बच्चों, ग्रामीणों और राहगीरों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित हो सके तथा किसी बड़े हादसे से पहले इस समस्या का स्थायी समाधान किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *