ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: महमूदाबाद नगर के शिक्षण जगत के लिए एक दुखद समाचार सामने आया है। जवाहर लाल नेहरू पालीटेक्निक, महमूदाबाद के पूर्व प्रधानाचार्य आर.जे. वर्मा का लंबी बीमारी के पश्चात निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही नगर एवं विभिन्न शिक्षण संस्थानों में शोक की लहर दौड़ गई। शिक्षा क्षेत्र में उनके योगदान को अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है।
दिवंगत आर.जे. वर्मा के सम्मान में मौलाना आजाद इंस्टीट्यूट ऑफ ह्यूमैनिटीज साइंस एण्ड टेक्नोलॉजी, महमूदाबाद के भव्य प्रांगण में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। सभा में शिक्षकों, कर्मचारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने उपस्थित होकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन धारण किया और भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रद्धांजलि सभा में डॉ. अब्दुल वली, कार्यालय अधीक्षक राजेश कुमार सिंह, डॉ. जनार्दन गुप्त, सर्वेश श्रीवास्तव, बृजेश कुमार, रीता देवी, दृष्टि जैन, लक्ष्मी गुप्ता, मनोज शुक्ल, प्रमोद तिवारी, विनोद यादव सहित अनेक शिक्षाविद एवं सहयोगी उपस्थित रहे।
महाविद्यालय के सचिव डॉ. अम्मार रिजवी, डॉ. सुलेमान रिजवी एवं मीसम अम्मार रिजवी ने संयुक्त शोक संदेश जारी करते हुए कहा कि आर.जे. वर्मा एक आदर्श शिक्षक, कुशल प्रशासक और दूरदर्शी व्यक्तित्व के धनी थे। विद्यार्थियों के हितों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता तथा तकनीकी शिक्षा के विकास में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने महमूदाबाद में तकनीकी शिक्षा की मजबूत पहचान स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सभा के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।
उनका सरल स्वभाव, अनुशासनप्रियता और शिक्षा के प्रति समर्पण सदैव समाज को प्रेरित करता रहेगा।
