महमूदाबाद में अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटर पर बड़ा एक्शन: बिना डॉक्टर और रिकॉर्ड के चल रहा था काम, सीएमओ की छापेमारी में सील

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: महमूदाबाद में स्वास्थ्य नियमों को दरकिनार कर संचालित हो रहे एक अल्ट्रासाउंड सेंटर पर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली महमूदाबाद क्षेत्र के बिस्वा मार्ग स्थित सरल डायग्नोस्टिक एंड एवन अल्ट्रासाउंड सेंटर पर मुख्य चिकित्साधिकारी के नेतृत्व में हुई छापेमारी में चौंकाने वाली लापरवाही सामने आई, जिसके बाद सेंटर को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया। छापेमारी के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेश कुमार की टीम ने जब जांच की, तो पाया कि केंद्र पर नियमों की खुली धज्जियां उड़ाई जा रही थीं।

जांच में उजागर हुईं गंभीर अनियमितताएं : मौके पर किए गए 10 अल्ट्रासाउंड जांचों का कोई भी ‘फॉर्म F’ उपलब्ध नहीं मिला।केंद्र पर कोई अधिकृत चिकित्सक मौजूद नहीं था । जांच का कार्य टेक्निशियन द्वारा किया जा रहा था, जो पूरी तरह अवैध है । संचालक कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। इन गंभीर खामियों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने बिना किसी देरी के केंद्र को सील कर संचालन पर रोक लगा दी।

सख्त चेतावनी : सीएमओ डॉ. सुरेश कुमार ने स्पष्ट कहा कि जनपद में अवैध रूप से संचालित डायग्नोस्टिक व अल्ट्रासाउंड केंद्रों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि मरीजों की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसके साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

जनता की सेहत से सीधा खिलवाड़ : बिना योग्य डॉक्टर और आवश्यक रिकॉर्ड के इस तरह जांच करना न सिर्फ कानून का उल्लंघन है, बल्कि आम लोगों की सेहत के साथ गंभीर जोखिम भी है। इस कार्रवाई के बाद जिले में संचालित अन्य संदिग्ध केंद्रों में हड़कंप मच गया है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए मांग की है कि ऐसे अवैध केंद्रों के खिलाफ नियमित अभियान चलाया जाए, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *