पदाधिकारियों एवं सदस्यों को सौंपी गई नई जिम्मेदारियां, शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने पर सहयोग छात्र शिक्षा समिति का जोर

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: महमूदाबाद व सिधौली ग्रामीण क्षेत्र में स्थित सहयोग छात्र शिक्षा समिति के कार्यालय, निकट पुलिस चौकी बेहमा, महमूदाबाद-सिधौली रोड, जनपद सीतापुर में सोमवार को संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में संस्था की आगामी गतिविधियों, निशुल्क कोचिंग सेंटर के संचालन, छात्र-छात्राओं को बेहतर शिक्षण सुविधा उपलब्ध कराने तथा संस्था के कार्यों को व्यवस्थित एवं पारदर्शी तरीके से संचालित करने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में संस्था के प्रबंधक धर्मेंद्र कुमार, कार्यालय प्रभारी आशीष कुमार, मीडिया प्रभारी मनोज पासवान, सदस्य सुरेंद्र कुमार वर्मा, सत्येंद्र सिंह, आवेश कुमार, तिलक राम सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान संस्था के कार्यों को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए सदस्यों को उनकी जिम्मेदारियों के अनुसार नवीन दायित्व सौंपे गए। सर्वसम्मति से तय किया गया कि मनोज पासवान मीडिया प्रभारी के साथ साथ संस्था के डिजिटल कार्यों की भी जिम्मेदारी संभालेंगे।

उन्हें संस्था की गतिविधियों एवं कार्यक्रमों से संबंधित डिजिटल कार्यों को व्यवस्थित करने तथा आवश्यकता के अनुसार पदाधिकारियों एवं सदस्यों को डिजिटल कार्यों में मार्गदर्शन देने का दायित्व दिया गया।

इसी क्रम में आवेश कुमार को संस्था द्वारा संचालित निशुल्क कोचिंग सेंटर में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों से संबंधित आवश्यक जानकारी का रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

सुरेंद्र कुमार वर्मा को संस्था के लेखा कार्य, रजिस्टरों, आय-व्यय तथा अन्य आवश्यक अभिलेखों को पूर्ण एवं व्यवस्थित रखने का दायित्व दिया गया।

तो वहीं सत्येंद्र कुमार सिंह को निशुल्क कोचिंग सेंटर में छात्र-छात्राओं के लिए बेहतर शिक्षण व्यवस्था बनाए रखने तथा शैक्षणिक सुविधाओं के सुचारु संचालन में सहयोग एवं निगरानी की जिम्मेदारी दी गई।

साथ ही तिलक राम को भी विद्यार्थियों के हित में आवश्यक व्यवस्थाओं एवं बेहतर शिक्षण कार्य में विशेष रूप से सहयोग करने का दायित्व सौंपा गया।

हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के लिए अलग-अलग निशुल्क कोचिंग सेंटर : बैठक में संस्था के प्रबंधक धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि छात्र-छात्राओं को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट स्तर के विद्यार्थियों के लिए दो अलग-अलग निशुल्क कोचिंग सेंटर संचालित करने का निर्णय लिया गया है।

दोनों स्तरों के विद्यार्थियों की शैक्षणिक आवश्यकताओं के अनुसार अलग-अलग शिक्षण व्यवस्था तैयार की जाएगी।

बैठक में नियमित कक्षाओं के संचालन, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने, आवश्यक अभिलेखों को समय-समय पर अपडेट करने तथा संस्था की गतिविधियों को पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से संचालित करने पर भी चर्चा हुई।

संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने छात्र-छात्राओं के हित में पूरी जिम्मेदारी एवं समर्पण के साथ कार्य करने पर सहमति व्यक्त की।

बैठक के अंत में संस्था के प्रबंधक धर्मेंद्र कुमार ने सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें सौंपे गए दायित्वों का ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *