यातायात माह नवंबर 2025 का शुभारंभ डीएम व एसपी ने दिखाई हरी झंडी, लोगों में किया गया जागरूकता का आगाज

ब्यूरो, सीतापुर:जनपद सीतापुर में शनिवार 01 नवंबर 2025 को यातायात माह का शुभारंभ धूमधाम से किया गया। महिला थाना के समीप आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. एवं पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर यातायात जागरूकता प्रचार वाहन को रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने आमजन को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और दुर्घटनाओं से बचाव हेतु सतर्क रहने का संदेश दिया।

जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने कहा कि “यातायात माह को दिल से मनाएं, दिमाग से नहीं”, क्योंकि यह हर व्यक्ति के जीवन की सुरक्षा से जुड़ा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वाहन चलाते समय सीट बेल्ट और हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पूरी जिम्मेदारी से पालन करें।

पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने कहा कि वाहन चालकों को स्पीड लिमिट का पालन करना चाहिए। उन्होंने बताया कि पुलिस-प्रशासन यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने हेतु लगातार प्रयासरत है। उन्होंने नागरिकों से अनुरोध किया कि वे न केवल स्वयं नियमों का पालन करें बल्कि दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।

इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आलोक सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर विनायक भोसले ने भी जनता से सुरक्षित यातायात की अपील की। उन्होंने कहा कि जीवन अनमोल है, इसलिए लापरवाही से वाहन न चलाएं। कार्यक्रम के दौरान बिना हेलमेट के मोटर साइकिल चला रहे लोगों को रोककर उन्हें हेलमेट प्रदान किए गए और नियमों के पालन का संकल्प दिलाया गया।

इस कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आलोक सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर विनायक भोसले, क्षेत्राधिकारी सदर/यातायात नेहा त्रिपाठी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर अनूप कुमार शुक्ला, प्रभारी निरीक्षक यातायात फरीद अहमद, प्रतिसार निरीक्षक शिव बालक वर्मा, भगवती गुप्ता, शोभित टंडन सहित अन्य गणमान्य नागरिक और पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति सजगता बढ़ाना और “सुरक्षित यातायात जीवन की रक्षा” के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना है।

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *