ग्राम पंचायत सदस्य महासभा का संगठन विस्तार, अभय सिंह बने जिलाध्यक्ष और सुरेश गौतम को मिली जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: महमूदाबाद में ग्राम पंचायत सदस्य महासभा उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय कार्यालय महमूदाबाद में आयोजित बैठक में संगठन के विस्तार एवं ग्राम विकास में पंचायत सदस्यों की भूमिका पर चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए महासभा के प्रदेश मुख्य संगठन मंत्री ध्रुव कुमार सिंह ने कहा कि ग्राम पंचायत सदस्य ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं और उनकी सक्रिय भागीदारी के बिना गांवों का समग्र विकास संभव नहीं है।

बैठक के दौरान प्रदेश अध्यक्ष रवि सिंह पटेल के निर्देशन में संगठन का विस्तार करते हुए अभय सिंह को सीतापुर जनपद का नया जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया। वहीं रामपुर मथुरा के ब्लॉक संयोजक सुरेश कुमार गौतम की संगठन के प्रति सक्रियता और कर्मठता को देखते हुए उन्हें जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।

नवमनोनीत पदाधिकारियों का कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर अभय सिंह और सुरेश गौतम ने संगठन की नीतियों एवं उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने तथा पंचायत सदस्यों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने का संकल्प व्यक्त किया।

जिला प्रभारी लवकुश वर्मा ने विश्वास जताया कि नई टीम के नेतृत्व में सीतापुर में संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी तथा पंचायत सदस्यों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।

कार्यक्रम में जिला महासचिव अशोक कुमार, विधि प्रकोष्ठ अध्यक्ष रूपेश कुमार, मीडिया प्रभारी पंकज सिंह, जय नारायन, प्रियांशु, शिवम वर्मा, सुशील कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

अभय सिंह एवं सुरेश गौतम की नियुक्ति पर महासभा के प्रदेश सलाहकार चैतन्य सिंह, प्रदेश महामंत्री जय नारायण पटवा तथा प्रदेश मीडिया प्रभारी दीपक सिंह सरल ने शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *