प्रधानमंत्री सेवा संकल्प कार्यक्रम का आयोजन, ग्रामीणों को दी गईं सरकारी योजनाओं की जानकारी, जनप्रतिनिधि रहे शामिल

ब्यूरो रिपोर्ट ,सीतापुर: विकास खंड महमूदाबाद परिसर में सोमवार को प्रधानमंत्री सेवा संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महमूदाबाद विधायक आशा मौर्या ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों को केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया।

कार्यक्रम में विधायक आशा मौर्या ने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पात्रता के अनुसार उनका लाभ उठाएं।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, मनरेगा, विभिन्न पेंशन योजनाओं, स्वयं सहायता समूह सहित अन्य सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेज, आवेदन प्रक्रिया एवं पात्रता से संबंधित जानकारी भी ग्रामीणों को उपलब्ध कराई गई।

अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना और उन्हें योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी के अभाव में जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

कार्यक्रम में ग्रामीण विकास, गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने तथा गांव-गांव तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने भी विभिन्न योजनाओं से संबंधित अपनी जिज्ञासाएं और समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिन पर संबंधित अधिकारियों द्वारा आवश्यक जानकारी दी गई।

इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी सुमित सिंह, विकासखंड के अधिकारी-कर्मचारी, ग्राम प्रधान, पंचायत प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *