महमूदाबाद में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ जनआक्रोश, नगर के नागरिकों ने 11 सूत्रीय मांगों के साथ सौंपा ज्ञापन

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर : महमूदाबाद नगरपालिका परिषद क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे अवैध अतिक्रमण को लेकर स्थानीय नागरिकों में रोष व्याप्त है। इसी क्रम में नगर के जागरूक नागरिकों ने जिलाधिकारी, सीतापुर को संबोधित एक विस्तृत ज्ञापन उपजिलाधिकारी महमूदाबाद के माध्यम से सौंपते हुए 11 प्रमुख बिंदुओं पर त्वरित व कठोर कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि नगर के विभिन्न हिस्सों में सरकारी भूमि, धार्मिक स्थलों, तालाबों, शत्रु संपत्ति तथा सार्वजनिक मार्गों पर बड़े पैमाने पर अतिक्रमण कर लिया गया है, जिससे आमजन का आवागमन बाधित हो रहा है और नगर की ऐतिहासिक व सामाजिक संरचना को नुकसान पहुंच रहा है।

नागरिकों ने ठठेरी बाजार स्थित प्राचीन ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। बताया गया कि इसी स्थल से कभी प्रसिद्ध जलबिहार की शुरुआत होती थी, जहां शिव मंदिर, कुआं और नगरपालिका की भूमि पर अवैध रूप से मार्केट का निर्माण कर लिया गया है। इसे तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की गई है।
इसी तरह बेलदारी टोला में नगरपालिका के तालाब की भूमि पर कथित रूप से मस्जिद व मदरसे का निर्माण कर सार्वजनिक रास्ता बंद कर दिए जाने का आरोप लगाया गया है। नागरिकों ने भूमि की निशानदेही कराकर अवैध कब्जा हटवाने की मांग की है।

ज्ञापन में नगरपालिका कार्यालय के पास स्थित तालाब के चारों ओर अतिक्रमण, बजाजा चौराहे से बस स्टाफ रोड तक मस्जिद के बाहर बने अवैध चबूतरे व दुकानों से मुख्य मार्ग के अवरुद्ध होने, तहसील से संकटा देवी मार्ग के दोनों ओर अवैध दुकानों तथा मजार के चारों ओर बनी बाउंड्रीवाल को हटाने की मांग भी शामिल है।

इसके अतिरिक्त बरदही बाजार में शत्रु संपत्ति पर अवैध कब्जा, पुरुष अस्पताल जाने वाले मार्ग पर अतिक्रमण के कारण एंबुलेंस आवागमन में आ रही गंभीर परेशानी, सब्जी मंडी को अन्यत्र स्थानांतरित करने, शत्रु संपत्ति की बागों व कृषि भूमि की नीलामी में भ्रष्टाचार की जांच, रेलवे स्टेशन के पास रेलवे लाइन किनारे बनी ईदगाह, सिधौली रोड पर पावर हाउस के पास तथा गल्ला मंडी गेट पर किए गए अवैध निर्माण को हटाने की मांग की गई है। साथ ही रेलवे क्रॉसिंग के पास लकड़ी कारोबारियों द्वारा दोबारा किए जा रहे कब्जों को तत्काल रोकने की अपील की गई है।

नागरिकों ने जिलाधिकारी से आग्रह किया है कि नगरहित को सर्वोपरि रखते हुए सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कराई जाए, अवैध अतिक्रमण को बिना भेदभाव के हटवाया जाए तथा दोषी अधिकारियों और भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

यह ज्ञापन पूर्व नगरपालिका प्रतिनिधि अमरीश गुप्ता के नेतृत्व में रमेश वर्मा, अशोक वर्मा, राजू पोरवाल, अमरीश वर्मा, पंकज वर्मा, ब्रजेश कुमार, अवध राम साहू, अभिषेक सोनी सहित अनेक नागरिकों द्वारा कोतवाली परिसर में उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी एवं कोतवाली प्रभारी को सौंपा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *