ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: विकास खंड पहला के अंतर्गत ग्राम पंचायत सिरौली में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लापरवाही सामने आई है। महमूदाबाद–सिधौली मुख्य मार्ग से सदरावां–दरियापुर मार्ग की ओर जाने वाले महत्वपूर्ण मोड़ पर ग्राम पंचायत सिरौली द्वारा लगभग तीन से चार वर्ष पूर्व सीसीटीवी कैमरा लगवाया गया था, जो बीते करीब दो वर्षों से खराब होकर बंद पड़ा है।
सिरौली चौराहे के दुकानदारों एवं राहगीरों का कहना है कि यह कैमरा लंबे समय से निष्क्रिय है, जिससे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है। दुकानदारों ने बताया कि इस संबंध में कई बार ग्राम प्रधान सुनीता देवी से कैमरे को ठीक कराए जाने की मांग की गई, लेकिन हर बार इस समस्या को नजरअंदाज कर दिया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चौराहा व्यस्त इलाका होने के कारण यहां आए दिन आवागमन बना रहता है, ऐसे में सीसीटीवी कैमरे का बंद रहना असामाजिक तत्वों को बढ़ावा दे सकता है। ग्रामीणों ने इस लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए संबंधित उच्च अधिकारियों से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, जब इस मामले में ग्राम पंचायत सिरौली के सचिव मो. उस्मान से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि उन्हें इस संबंध में पूर्व कि जानकारी नहीं है। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि सीसीटीवी कैमरा खराब है तो उसे जल्द से जल्द ठीक कराया जाएगा।
ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या को संज्ञान में लेकर शीघ्र कार्रवाई करेगा, ताकि सिरौली क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा सके।
