ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: जनपद में पवित्र सावन माह एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए सीतापुर पुलिस ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने बताया कि सावन माह के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए जनपद के प्रमुख शिवालयों एवं धार्मिक स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। विशेष रूप से रविवार और सोमवार को मंदिरों में श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ होने की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल के साथ विशेष ड्यूटी व्यवस्था लागू रहेगी।
एसपी ने बताया कि कांवड़ यात्रा को लेकर कांवड़ समितियों एवं आयोजकों के साथ समन्वय बैठकें आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस को भी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
श्रद्धालुओं की संख्या और यातायात के दबाव को देखते हुए जरूरत के अनुसार रूट डायवर्जन प्लान लागू किया जाएगा, ताकि कांवड़ यात्रियों के साथ आम राहगीरों को भी आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
पुलिस प्रशासन ने कांवड़ मार्गों एवं धार्मिक स्थलों के आसपास मीट की दुकानों के संचालन को लेकर भी संबंधित दुकानदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पुलिस द्वारा संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने के साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार पेट्रोलिंग और चेकिंग की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने श्रद्धालुओं एवं आमजन से अपील की है कि सावन माह और कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस-प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। किसी संदिग्ध गतिविधि या समस्या की जानकारी होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।
सीतापुर पुलिस का उद्देश्य है कि सावन माह और कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराया जाए और जनपद में कानून-व्यवस्था पूरी तरह कायम रहे।
