सर्राफा व्यवसायी के घर लाखों की चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात; पुलिस जांच में जुटी

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर:  थाना थानगांव क्षेत्र के ग्राम थौरा में शुक्रवार रात अज्ञात चोरों ने एक सर्राफा व्यवसायी के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नगदी चोरी कर ली। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिससे पुलिस को जल्द खुलासे की उम्मीद है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम थौरा निवासी राहुल सोनी पुत्र रामकुमार सोनी, जो खाटू श्याम ज्वैलर्स के नाम से सर्राफा व्यवसाय करते हैं, शुक्रवार रात अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर घर के पीछे से बांस के सहारे दूसरी मंजिल तक पहुंचे और कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर साड़ी से बांध दिया, ताकि परिवार के सदस्य बाहर न निकल सकें।

इसके बाद चोर घर के अंदर घुस गए और जेवरात व नगदी पर हाथ साफ कर फरार हो गए। सुबह घटना की जानकारी होने पर परिवार के होश उड़ गए और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही थानगांव इंस्पेक्टर विमल गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस को घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज मिली है, जिसमें संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देने की बात सामने आई है।

पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है। कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के खुलासे के लिए कई टीमें लगाई गई हैं और जल्द ही चोरी की घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।

घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों और ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *