सूने मकान में घुसे चोर, ढाई लाख की नकदी व लाखों के जेवर लेकर हुए फरार, पुलिस से शिकायत , जांच पड़ताल हुई शुरू

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर : महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। शुक्रवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर करीब 2.50 लाख रुपये की नकदी तथा लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण समेट लिए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित किशन सोनी पुत्र मुरली सोनी, निवासी ग्राम लोधासा, थाना महमूदाबाद ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि शुक्रवार रात करीब 8 बजे से 10 बजे के बीच अज्ञात चोर महमूदाबाद-सिधौली मुख्य मार्ग स्थित उनके मकान में घुस गए। उस समय घर पर कोई मौजूद नहीं था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने पूरे घर को खंगाल डाला।

पीड़ित के मुताबिक, चोर घर में रखी करीब ढाई लाख रुपये की नकदी के अलावा सोने का हार, मांग बिंदी, चार ठप्पा वाला माला, अंगूठी, चैन, नथूनी, हाथ फूल, कमर बिछुवा सहित अन्य सोने के आभूषण तथा चांदी की पायल, बिछिया समेत कई कीमती जेवर अपने साथ ले गए।

वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने घर में रखी साड़ी की मदद से छत से नीचे उतरकर फरार हो गए। पीड़ित ने बताया कि उनका एक पैतृक मकान ग्राम लोधासा में है, जबकि दूसरा मकान महमूदाबाद-सिधौली मुख्य मार्ग पर स्थित है। चोरी की घटना इसी मकान में हुई।

सूचना मिलते ही महमूदाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों, स्थानीय लोगों से पूछताछ और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

इस मामले में महमूदाबाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भानु प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़ित के द्वारा तहरीर दी गई है जिस पर जांच पड़ताल की जा रही है , जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *