संविधान बचाओ संवाद में हजारों लोगों की जुटान, संविधान विरोधी ताकतों के खिलाफ संघर्ष का लिया संकल्प

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर : सिधौली में आयोजित “संविधान बचाओ संवाद” कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेते हुए संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा का संकल्प लिया। सम्मेलन में वक्ताओं ने संविधान विरोधी शक्तियों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कांग्रेस नेता एवं अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष खालिद मसूद ने कहा कि संविधान देश की आत्मा है और जो शक्तियां संविधान को कमजोर करने का प्रयास कर रही हैं, उनके खिलाफ जनता को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान की रक्षा के लिए देशभर में जनजागरण अभियान चला रही है और लोगों से इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की। इस अवसर पर सीतापुर सांसद राकेश राठौर ने कहा कि सिधौली में आयोजित संविधान बचाओ संवाद में उमड़ी भारी भीड़ यह संकेत दे रही है कि क्षेत्र की जनता बदलाव चाहती है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं और आगामी चुनाव में पार्टी को मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम की संयोजक सुनीला रावत ने कहा कि संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए आमजन को जागरूक करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में संविधान विरोधी विचारधाराओं का लोकतांत्रिक तरीके से मुकाबला किया जाएगा।

कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष शिवप्रकाश सिंह ने जिले में व्याप्त भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं के खिलाफ आवाज बुलंद करने का आह्वान किया। वहीं आर.पी. वर्मा ने किसानों और मजदूरों के अधिकारों की रक्षा को प्राथमिकता देने की बात कही। सुनीता चौधरी ने लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने पर जोर दिया।

सम्मेलन को रोशनी गुप्ता, विष्णु गौतम, कन्हैयालाल कश्यप तथा जगजीवन गौतम ने भी संबोधित किया और संविधान की रक्षा के लिए जनसहभागिता बढ़ाने की आवश्यकता बताई। कार्यक्रम का समापन कांग्रेस के जिला प्रवक्ता एहिताशाम बेग के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *