प्लाई फैक्ट्री के पीछे खेत में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, इलाके में फैली सनसनी , महमूदाबाद पुलिस कर रही जांच

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: कोतवाली महमूदाबाद क्षेत्र के मोल्हेपुर चौराहे के पास स्थित एक प्लाई फैक्ट्री के पीछे खेत में गुरुवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस एवं फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी

जानकारी के अनुसार, ग्राम मोल्हेपुर मजरा लोधासा निवासी अनुज कुमार वर्मा पुत्र रामपाल के खेत में बकरी चरा रहे बच्चों ने एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। बच्चों ने इसकी सूचना आसपास के ग्रामीणों को दी, जिसके बाद मामले की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भानु प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। कुछ ही देर बाद क्षेत्राधिकारी वेद प्रकाश श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश कुमार सिंह तथा फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू की।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। समाचार लिखे जाने तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी थी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं तथा मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *