ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: महमूदाबाद पुलिस ने वाहन चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देशन में जनपद में वाहन चोरी, लूट, नकबजनी, धोखाधड़ी तथा अन्य आपराधिक घटनाओं में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह सफलता हासिल हुई।
अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) दुर्गेश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी महमूदाबाद वेदप्रकाश श्रीवास्तव के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक भानु प्रताप सिंह के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने मंगलवार देर रात करीब 2:45 बजे पैतेपुर नहर मार्ग से आरोपी को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान इमरान उर्फ जादू पुत्र इकबाल निवासी पैगम्बरपुर, थाना कोतवाली महमूदाबाद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी की उम्र लगभग 24 वर्ष है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें पहली मोटरसाइकिल हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस (UP 34 AD 3943) है, जो 12 जून 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महमूदाबाद परिसर से चोरी हुई थी। इस संबंध में खुरवल निवासी समीउद्दीन पुत्र इदरीस की तहरीर पर कोतवाली महमूदाबाद में मुकदमा दर्ज किया गया था।
बरामद दूसरी मोटरसाइकिल हीरो सुपर स्प्लेंडर (UP 32 LH 8996) है, जो लखनऊ स्थित टेढ़ी पुलिया गल्ला मंडी क्षेत्र से चोरी की गई थी। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोत्तरी की गई है। मामले की जांच जारी है और आरोपी के आपराधिक इतिहास सहित अन्य संभावित घटनाओं में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम : उपनिरीक्षक दीपक राठौर, हेड कांस्टेबल विशाल गुप्ता, कांस्टेबल अश्वनी त्यागी, बृजेश पांडेय, अखिलेश, चन्द्र प्रकाश
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है और वाहन चोरी जैसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है।
