ब्यूरो रिपोर्ट,गोंडा : जिले के पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल द्वारा थाना तरबगंज में तैनात उप निरीक्षक इंद्रेश यादव के असामयिक एवं दुःखद निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की गई। इस अवसर पर दिवंगत उप निरीक्षक को राजकीय सम्मान के साथ श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई।श्रद्धांजलि समारोह में पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। गार्ड ऑफ ऑनर के साथ सलामी दी गई और पूरे सम्मान के साथ पार्थिव शरीर को अंतिम यात्रा हेतु रवाना किया गया।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा हरसंभव सहायता एवं सहयोग का आश्वासन दिया। इसके उपरांत दिवंगत उप निरीक्षक का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव भेजा गया। इस दुःखद घटना से पुलिस विभाग में शोक की लहर है, वहीं दिवंगत उप निरीक्षक इंद्रेश यादव की कर्तव्यनिष्ठा और सेवाभाव को सभी ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
