राशन की दुकान चयन प्रक्रिया हुई स्थगित, पुनः होगी बैठक

सरकारी राशन की दुकान चयन प्रक्रिया हुई स्थगित , अगली निर्धारित तिथि पर ग्रामीणों की होगी खुली बैठक

ब्यूरो, सीतापुर।
जनपद सीतापुर के विकास खंड पहला की ग्राम पंचायत कोरार में बुधवार को सरकारी राशन की दुकान का चयन करने के लिए पंचायत भवन परिसर में खुली बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों के साथ तहसील प्रशासन और पुलिस बल भी मौजूद रहा।

बैठक के दौरान अधिकारियों ने दुकान चयन की प्रक्रिया हाथ उठाकर कराने का प्रस्ताव रखा। इस पर उपस्थित ग्रामीणों ने कड़ा एतराज जताते हुए कहा कि चयन की प्रक्रिया गुप्त मतदान के जरिए कराई जानी चाहिए, ताकि निष्पक्षता बनी रहे। ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए अधिकारियों ने बुधवार की इस चयन प्रक्रिया को निरस्त कर दिया और बैठक को स्थगित कर दिया।

अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि अगली तिथि उच्च अधिकारियों द्वारा निर्धारित की जाएगी और उसी दिन पुनः बैठक कर चयन प्रक्रिया कराई जाएगी।

इस दौरान संभावित कोटेदार प्रत्याशियों में राजकुमारी पत्नी जय नारायण सहित कई अन्य लोग भी मौजूद रहे। बैठक को संपन्न कराने के लिए ब्लॉक पहला से ग्राम पंचायत सचिव पंकज कुमार वर्मा, अंजनी लाल मौर्या, आशीष वर्मा तथा ग्राम प्रधान शारदा देवी, प्रधान प्रतिनिधि जितेंद्र यादव मौजूद रहे। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए थाना रामपुर कलां पुलिस बल ने भी मोर्चा संभाला।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *