15 दिवसीय नाट्य प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ, ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा मंच और हुनर निखारने का अवसर

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: महमूदाबाद में उत्तर प्रदेश संस्कृति विभाग के अंतर्गत संगीत नाटक अकादमी द्वारा आयोजित 15 दिवसीय नाट्य प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ बुधवार को सीता इंटर कॉलेज के शास्त्री सभागार में विधिवत रूप से किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ललित कला अकादमी के उपाध्यक्ष गिरीश चंद्र मिश्र ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यशाला का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि गिरीश चंद्र मिश्र ने कहा कि प्रदेश के सभी 75 जनपदों में आयोजित की जा रही नाट्य प्रशिक्षण कार्यशालाओं की श्रृंखला में महमूदाबाद स्थित सीता इंटर कॉलेज में यह कार्यशाला ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों के लिए अपनी छिपी हुई।

प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें निखारने का एक सुनहरा अवसर है। उन्होंने कहा कि रंगमंच न केवल विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाता है, बल्कि उन्हें भारतीय संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों से भी जोड़ता है।

उन्होंने बताया कि 15 दिनों तक चलने वाली इस कार्यशाला का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में अभिनय, संवाद अदायगी, मंच संचालन एवं प्रस्तुति कौशल का विकास करना है, जिससे वे कला के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना सकें।

उन्होंने महमूदाबाद क्षेत्र के सभी विद्यालयों के विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यशाला में प्रतिभाग करने की अपील की।

कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि कार्यशाला के समापन पर उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी की ओर से सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मंच पर विशेष प्रस्तुति देने का अवसर भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उनकी प्रतिभा को व्यापक पहचान मिल सके।

कार्यक्रम में अवध प्रांत संस्कार भारती के मंत्री धर्मेंद्र सिंह, प्रशिक्षिका एवं नाट्य कलाकार जूही कुमार, सीता ग्रुप ऑफ एजूकेशन के चेयरमैन आर.के. वाजपेयी, डिप्टी मैनेजर वागीश दिनकर, मनोज श्रीवास्तव, तुषार तिवारी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन सांस्कृतिक प्रमुख प्रतिभा सिंह ने किया। यह कार्यशाला क्षेत्र के ग्रामीण एवं शहरी विद्यार्थियों के लिए कला, संस्कृति और रंगमंच के क्षेत्र में नए अवसरों के द्वार खोलने के साथ-साथ उनकी रचनात्मक क्षमता को विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *