ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: थाना महमूदाबाद क्षेत्र के ग्राम सदरावां निवासी 76 वर्षीय शम्भू दयाल के लापता होने से परिवार में चिंता का माहौल है। परिजनों के अनुसार शम्भू दयाल 26 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 12 बजे घर से ऑटो रिक्शा द्वारा नवीन गल्ला मंडी महमूदाबाद में अनाज बेचने के लिए निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं लग सका है।
परिवार ने बताया कि शम्भू दयाल की लंबाई लगभग 5 फीट है, रंग सांवला, चेहरा हल्का गोल तथा गाल पर एक मस्सा है। उस समय उन्होंने सफेद धोती, सफेद कमीज, काली सदरी और सफेद तौलिया पहन रखा था तथा नई चप्पल पहने हुए थे।
परिजनों द्वारा काफी तलाश के बावजूद कोई जानकारी न मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई है। मामले में थाना महमूदाबाद पुलिस द्वारा गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है।
परिवारजन और ग्रामीणों ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को भी शम्भू दयाल के संबंध में कोई जानकारी प्राप्त हो तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या परिजनों को सूचित करें, ताकि उन्हें सकुशल घर वापस लाया जा सके।
थाना महमूदाबाद क्षेत्र के ग्राम सदरावां गांव में इस घटना को लेकर चिंता व्याप्त है और परिजन उनके सुरक्षित मिलने की उम्मीद में प्रशासन से सहयोग की अपेक्षा कर रहे हैं।
