ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: महमूदाबाद कस्बा में बुधवार को ऐतिहासिक 91वां जुलूस-ए-मोहम्मदी एवं मदह-ए-सहाबा अकीदत, एहतराम और शानो-शौकत के साथ निकाला गया। जुलूस में महमूदाबाद के अलावा आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। करीब 35 से 40 अंजुमनों ने जुलूस में शिरकत करते हुए नात, मदह-ए-सहाबा और धार्मिक कलाम पेश किए।
जुलूस का आगाज महमूदाबाद रेलवे स्टेशन के सहन से हुआ। निर्धारित मार्गों से होता हुआ जुलूस जामा मस्जिद पहुंचा, जहां आयोजित कार्यक्रम में हाफिज अब्दुल अजीम फारूकी और मौलाना अब्दुल बारी फारूकी ने हजरात-ए-सहाबा की इत्तिबा और उनकी अजमत पर विस्तार से बयान किया। उन्होंने हजरत अबूबकर, हजरत उमर, हजरत उस्मान, हजरत अली, हजरत हमजा, हजरत माविया, हजरत इमाम हसन, हजरत इमाम हुसैन और हजरत आयशा समेत सहाबा-ए-किराम की शान बयान की।
वक्ताओं ने कहा कि सहाबा-ए-किराम की जिंदगी से नेक रास्ते पर चलने और बेहतर आचरण की सीख मिलती है। इस दौरान महमूदाबाद में जुलूस की परंपरा शुरू करने वाले बुजुर्गों हजरत मौलाना अब्दुश शकूर, हजरत मौलाना अब्दुल अलीम, हजरत मौलाना अब्दुल अली फारूकी, हाजी दरगाही, हाजी जाकिर, हाजी आफाक और तैयब उस्मानी को खिराज-ए-अकीदत पेश करते हुए उनके लिए दुआ की गई।
तिलावत से हुआ कार्यक्रम का आगाज: कार्यक्रम की निजामत हाफिज अबू हुरैरा उस्मानी ने की। जामा मस्जिद के इमाम कारी फहीमुद्दीन नदवी ने तिलावत-ए-कलाम पाक से कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद अंजुमनों ने नात और मदह-ए-सहाबा पेश की।
जगह-जगह हुआ जुलूस का स्वागत : जुलूस के निर्धारित मार्ग पर जगह-जगह अंजुमनों और अकीदतमंदों का स्वागत किया गया। लोगों ने फूल बरसाने के साथ ही तबर्रुक, चाय, पानी और नाश्ते के स्टॉल लगाए। विभिन्न स्थानों पर लगाए गए सेवा शिविर आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश देते नजर आए।
चिकमड़ी में इरफान मंसूरी व उनकी टीम की ओर से अंजुमनों को पुरस्कार प्रदान किए गए। वहीं नदीम अहमद, पूर्व अध्यक्ष पद प्रत्याशी, ने भी अपनी टीम के साथ अंजुमनों को इनाम-इकराम से नवाजा।
महमूदाबाद विधायक आशा मौर्या, आकाश मौर्या, बसपा प्रत्याशी मीसम अम्मार रिजवी और काशिफ अंसारी, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी समेत विभिन्न लोगों ने कस्बे में लगाए गए स्टॉलों पर पहुंचकर कार्यक्रम में सहभागिता की।
विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचीं अंजुमनें : जुलूस में महमूदाबाद के अलावा सदरपुर, फतेहपुर, सूरतगंज, रामनगर, बुढ़वल, कुर्सी, बेलहरा, भटवामऊ, रामपुर मथुरा और लखनऊ समेत विभिन्न क्षेत्रों से करीब 35 से 40 अंजुमनों ने हिस्सा लिया। अंजुमनें नात और मदह-ए-सहाबा पेश करते हुए निर्धारित मार्ग से आगे बढ़ीं। जुलूस का समापन ठठेरी बाजार में हुआ।
कार्यक्रम में अयाज सिद्दीकी अध्यक्ष शहमीना यूथ, आमिर कुरैशी लखनऊ, मौलाना हबीब कासमी, मौलाना खतीब फतेहपुर, जमाल फैजी, मौलाना उस्मान कासमी, मौलाना रईस कासमी, मौलाना कासिम उस्मानी, मौलाना जीशान तुलशमपुर, कारी बिलाल लखनवी, जमील लखनऊ, नूर अहमद नूर लखनवी, फिरदौस राइनी, मो. यासिर उर्फ शानू, तारिक खान एडवोकेट, डॉ. वजहुल कमर, आमिर अराफात, इश्तियाक शाद, अजय द्विवेदी, हाजी वसी, कलाम राइन, अब्दुल कय्यूम कोटा, हाजी सैफुल इस्लाम, मेराज हाश्मी, हाजी सईदुद्दीन, मास्टर हारून, इम्तियाज हाश्मी, मो. वसी शायर, अब्दुल कवि, इम्तियाज हुसैन, आसिफ सईद, मसूद गाजी, अब्दुल हफीज (बुधई), डॉ. निजामुद्दीन आजाद, हाफिज अतीक, हाफिज फजलुल बारी, मो. आंसर यासीन, अली अब्दुल्लाह खान, अनवार हुसैन, मेराज अहमद और कमर अली सभासद समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
सुरक्षा व्यवस्था रही मुस्तैद: विशाल जुलूस को लेकर प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। उपजिलाधिकारी महमूदाबाद के साथ राजस्व लेखपालों की टीम, अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश सिंह, सीओ कपूर कुमार, सीओ वेद प्रकाश श्रीवास्तव, कोतवाली प्रभारी सत्येंद्र विक्रम सिंह, क्राइम इंस्पेक्टर अनिल सिंह, अक्षय प्रताप सिंह और दयाशंकर सिंह समेत पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
इसके अलावा रामपुर मथुरा इंस्पेक्टर मुकेश वर्मा, रामपुर कलां के लल्ला गोस्वामी, सदरपुर के आशुतोष मिश्रा समेत विभिन्न थानों की पुलिस फोर्स तैनात रही। महमूदाबाद कोतवाली के उपनिरीक्षक, कस्बा इंचार्ज, सिपाही और दीवान भी सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहे।
जुलूस के दौरान आयोजकों और वालंटियर्स ने भी पुलिस-प्रशासन का सहयोग किया। निर्धारित मार्गों पर व्यवस्था बनाए रखते हुए जुलूस शांतिपूर्ण माहौल में ठठेरी बाजार पहुंचा, जहां इसका समापन हुआ।
अमन-चैन और भाईचारे की हुई दुआ : समापन अवसर पर देश-दुनिया में अमन-चैन, सलामती और आपसी भाईचारे के लिए विशेष दुआ की गई। कार्यक्रम का संचालन अबू हुरैरा उस्मानी और कासिम उस्मानी ने किया।
