ब्यूरो रिपोर्ट ,सीतापुर: महमूदाबाद में पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ विश्व मानवाधिकार कानून एवं अपराध नियंत्रण ट्रस्ट भारत तथा गुड़िया ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में मां संकटा देवी मंदिर परिसर में वृहद वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य न केवल हरियाली बढ़ाना, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक करना भी रहा।
कार्यक्रम में ट्रस्ट की राष्ट्रीय अध्यक्षा नीतू सिंह दिनकर, राष्ट्रीय संरक्षक एस. एस. दिनकर, लखनऊ कार्यालय प्रभारी एवं गुड़िया ट्रस्ट की राष्ट्रीय अध्यक्षा रेनू वर्मा तथा गुड़िया ट्रस्ट के राष्ट्रीय सचिव निखिल वर्मा की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। सभी अतिथियों ने पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में वृक्षों की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला और इसे सामाजिक जिम्मेदारी बताया।
वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में नीम, चंपा, सिंदूर, टिकौमा, चांदनी, कनेर सहित औषधीय, छायादार एवं सजावटी पौधों का रोपण किया गया। बड़ी संख्या में लगाए गए इन पौधों से क्षेत्र को हरित और स्वच्छ बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।
इस पुनीत कार्य में संतोष कुमारी, पूनम वर्मा, पुष्पा देवी, अर्चना देवी, अरविंद कुमार, ममता देवी, मंजू वर्मा, लज्जावती, सुनीता देवी, फूलमती, प्रियंका गुप्ता सहित अनेक पदाधिकारी, सदस्य एवं स्थानीय श्रद्धालुओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। मां संकटा देवी मंदिर के पुजारी की उपस्थिति में यह कार्यक्रम श्रद्धा और सेवा भाव के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी उपस्थित लोगों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखरेख, सिंचाई और संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। साथ ही आमजन से अपील की गई कि वे अधिक से अधिक वृक्ष लगाएं, पर्यावरण की रक्षा करें और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ व सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने में अपनी भूमिका निभाएं।
