कानून व्यवस्था की प्रथम कड़ी को मिला सम्मान, चौकीदारों के लिए ठंड से राहत हेतु कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर : महमूदाबाद कोतवाली परिसर में गांव और थाना क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था की पहली और सबसे मजबूत कड़ी चौकीदार होते हैं, जो दिन-रात सतर्क रहकर कानून व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ठंड के मौसम में उनकी कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए स्वर्गीय प्रभाव जैन मानव सेवा समिति द्वारा चौकीदारों के सम्मान एवं सहयोग हेतु कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के सेवानिवृत्त विशेष सचिव एवं वर्तमान में इकोनोमिक एडवाइजर, सी.वाई.एस.डी.आर., नई दिल्ली डॉ. हरीश चंद्रा ने चौकीदारों को कंबल वितरित करते हुए कहा कि चौकीदार समाज की सुरक्षा के मूक प्रहरी हैं। बिना किसी दिखावे के वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। ऐसे सेवा कार्य समाज में सकारात्मक सोच और मानवीय संवेदना को मजबूती प्रदान करते हैं। उन्होंने समिति द्वारा किए जा रहे इस मानवीय प्रयास की सराहना की।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि पुलिस और चौकीदारों के बीच बेहतर तालमेल से ही क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाया जा सकता है। चौकीदार गांव की हर गतिविधि से भली-भांति परिचित होते हैं और समय पर सूचना देकर कई आपराधिक घटनाओं को होने से पहले ही रोकने में अहम भूमिका निभाते हैं।

वहीं कोतवाली प्रभारी अनिल सिंह ने चौकीदारों की सुविधा, सम्मान और सहयोग के लिए थाना स्तर पर हरसंभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के दौरान समिति के सचिव पंकज जैन ने सभी अतिथियों का माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर डॉ. हरीश चंद्रा, उपजिलाधिकारी बी.के. सिंह एवं क्षेत्राधिकारी वेद प्रकाश श्रीवास्तव के कर-कमलों से समिति की ओर से लगभग 180 चौकीदारों को कंबल वितरित किए गए।

कार्यक्रम में पूर्व जैन समाज अध्यक्ष अनुज जैन, कस्बा इंचार्ज दीपक राठौर, लेखपाल पूर्णेन्द्र प्रकाश सहित अनेक गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन समाज सेवा, सुरक्षा और सहयोग के संकल्प के साथ किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *