राष्ट्रीय प्रशासनिक कार्यालय में मासिक बैठक संपन्न, लाल बहादुर शास्त्री को पुण्यतिथि पर दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर : महमूदाबाद नगर क्षेत्र में विश्व मानवाधिकार कानून एवं अपराध नियंत्रण ट्रस्ट भारत के राष्ट्रीय प्रशासनिक कार्यालय में रविवार को मासिक बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक मोहल्ला रमुआपुर स्थित एम.एस.के.डी. पब्लिक स्कूल परिसर में संपन्न हुई, जिसकी अध्यक्षता राष्ट्रीय संरक्षक एस.एस. दिनकर ने की।

बैठक का शुभारंभ भारत के महान स्वतंत्रता सेनानी, देश के दूसरे प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न से सम्मानित लाल बहादुर शास्त्री की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। उपस्थित पदाधिकारियों व सदस्यों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में अनुज कुमार जैन (न्यूज़ एडिटर एवं मीडिया प्रमुख), रवि लाल रस्तोगी (राष्ट्रीय महासचिव), ओम प्रकाश पाण्डेय (राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी), शिवदास (तहसील संयोजक), अशोक कुमार वर्मा (नगर अध्यक्ष, महमूदाबाद), जाकिर (ब्लॉक सदस्य), पूनम (युवा महिला सशक्तिकरण मानवाधिकार मोर्चा, ब्लॉक सदस्य), मोहम्मद काशिफ खान कादरी (प्रधानाध्यापक, एम.एस.के.डी. पब्लिक स्कूल), सत्यम पाल सहित अनेक पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान संगठन को सशक्त बनाने की दिशा में विटाना देवी, सीता देवी, प्रियंशी, मनेश्वरी एवं गोविंद प्रसाद को सर्वसम्मति से ब्लॉक सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया। राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी ओम प्रकाश पाण्डेय ने जानकारी देते हुए बताया कि ट्रस्ट देश के लगभग सभी राज्यों में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है।

पीड़ितों से प्राप्त प्रार्थना पत्रों की गंभीरता से विवेचना कर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर न्याय दिलाने का प्रयास किया जा रहा है, विशेष रूप से पीड़ित बच्चों के मामलों में ट्रस्ट की भूमिका अहम रही है।

न्यूज़ एडिटर एवं मीडिया प्रमुख अनुज कुमार जैन ने संगठनात्मक अनुशासन पर जोर देते हुए कहा कि जो पदाधिकारी या सदस्य लगातार तीन बैठकों में अनुपस्थित पाए जाएंगे, उन्हें निष्क्रिय मानते हुए ट्रस्ट से निष्कासित कर दिया जाएगा।

राष्ट्रीय महासचिव रवि लाल रस्तोगी ने शीतलहर को ध्यान में रखते हुए जरूरतमंद गरीब मजदूरों एवं असहाय व्यक्तियों के लिए गर्म वस्त्र वितरण, अलाव की व्यवस्था एवं रैन बसेरा शिविर लगाने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने यह भी बताया कि ट्रस्ट द्वारा प्रत्येक माह के दूसरे रविवार को समस्या समाधान केंद्र के माध्यम से जनसुनवाई आयोजित की जाती है।

नगर अध्यक्ष अशोक कुमार वर्मा ने मानवाधिकारों के प्रचार-प्रसार को और प्रभावी बनाने हेतु बैनर, विजिटिंग कार्ड, हैंडबिल, पोस्टर एवं पेंटिंग जैसे माध्यमों से लोगों को उनके मौलिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने पर विशेष बल दिया।

बैठक के अंत में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा मानवाधिकार संरक्षण के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ट्रस्ट के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *