ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर : स्थानीय तहसील परिसर में लॉयर्स एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह अत्यंत गरिमामय, अनुशासित एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री (प्राविधिक शिक्षा, उपभोक्ता संरक्षण एवं बाट-माप) आशीष सिंह पटेल रहे। समारोह में अधिवक्ता समाज के साथ-साथ क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कैबिनेट मंत्री आशीष सिंह पटेल ने लॉयर्स एसोसिएशन के नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुरेंद्र पटेल, उपाध्यक्ष अनिल कुमार श्रीवास्तव एवं संतोष पांडे को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर उन्होंने सभी नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अधिवक्ता लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के सशक्त प्रहरी हैं और समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुँचाने में उनकी भूमिका अतुलनीय है। उन्होंने कहा कि एक संगठित, सजग एवं कर्तव्यनिष्ठ अधिवक्ता समाज ही न्यायिक व्यवस्था को मजबूती प्रदान कर सकता है।
अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री ने अधिवक्ताओं के अधिकारों की रक्षा, विधिक सेवाओं के विस्तार एवं तकनीकी संसाधनों के अधिकतम उपयोग पर बल देते हुए कहा कि सरकार अधिवक्ता समाज के हितों के संरक्षण के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। उन्होंने तकनीकी शिक्षा और विधिक सहायता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने को समय की आवश्यकता बताया।
कार्यक्रम की मेजबानी जवाहर लाल नेहरू पॉलीटेक्निक के प्रधानाचार्य सी.पी. त्रिपाठी द्वारा की गई। समारोह में वरिष्ठ एवं युवा अधिवक्ताओं के साथ-साथ शिक्षाविदों और गणमान्य नागरिकों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही। प्रमुख रूप से वेद प्रकाश श्रीवास्तव, कमल वर्मा, मामून आलम, बी.बी. पांडेय एवं रमाकांत वर्मा की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
लॉयर्स एसोसिएशन के नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुरेंद्र पटेल ने अपने उद्बोधन में संगठन की एकता, पारदर्शिता एवं अनुशासन को प्राथमिकता देते हुए अधिवक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान और न्यायिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर संघर्ष का संकल्प व्यक्त किया।
समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसके उपरांत सभी अतिथियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। इसके पश्चात कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने रामकुंड चौराहे पर पटेल प्रतिमा तथा मोतीपुर चौराहे पर क्षीता पासी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर महापुरुषों को नमन किया। तत्पश्चात वे पॉलीटेक्निक के सेवानिवृत्त प्रवक्ता मास्टर अशोक पटेल के आवास पर स्वल्पाहार ग्रहण कर लखनऊ के लिए प्रस्थान कर गए।
