ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर : महमूदाबाद में गरीब किसानों एवं श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा को लेकर भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) ने सोमवार को महमूदाबाद तहसील परिसर में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन प्रारंभ कर दिया। धरना प्रशासनिक उपेक्षा, भ्रष्टाचार और लंबे समय से लंबित जनसमस्याओं के विरोध में आयोजित किया गया है।
धरने का नेतृत्व संगठन के जिला अध्यक्ष गौरव प्रताप सिंह कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन और पुलिस विभाग पर आरोप लगाते हुए कहा कि तहसील क्षेत्र में राजस्व, पुलिस, चीनी मिल तथा जल जीवन मिशन से संबंधित अनेक गंभीर समस्याएं वर्षों से लंबित हैं। संगठन द्वारा बार-बार ज्ञापन और प्रार्थना पत्र दिए जाने के बावजूद किसी भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।
धरना-प्रदर्शन के दौरान ग्राम पंचायत टिकठा के मजरा लोनियापुरवा तथा ग्राम पंचायत सुरजनपुर के मजरा देमलपुर में हो रहे अवैध निर्माण, मजदूरी भुगतान में अनियमितता और श्रमिकों के शोषण जैसे मामलों को प्रमुखता से उठाया गया। इसके साथ ही किसान सहकारी चीनी मिल के गन्ना क्रय केंद्रों पर अवैध वसूली, भूमि विवाद और पेयजल संकट जैसे जनहित के मुद्दों पर भी संगठन ने प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया।
जिला अध्यक्ष गौरव प्रताप सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) के पदाधिकारी मुख्यमंत्री आवास की ओर पैदल कूच करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी अप्रिय स्थिति की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
धरना स्थल पर प्रदेश सचिव हरिशंकर वर्मा, तहसील अध्यक्ष राम खेलावन वर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष मंशा राम यादव सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान-मजदूर उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में समस्याओं के शीघ्र निस्तारण की मांग की।
