कब्जेदारों ने खुद सौंपी चाबियां, प्रशासन के कब्जे में आई नजूल संपत्ति, आखिरकार खाली हुआ ऐतिहासिक ‘रम्पा महल’

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर :  जनपद में नजूल संपत्तियों पर अवैध कब्जों के खिलाफ नगर पालिका परिषद और तहसील प्रशासन की सख्त कार्रवाई आखिरकार रंग लाई। शहर की सबसे चर्चित और कीमती संपत्तियों में शुमार ऐतिहासिक ‘रम्पा महल’ अब पूरी तरह प्रशासन के कब्जे में आ गया है। सोमवार को लंबे समय से चल रहे विवाद और नोटिस के दबाव के बाद कब्जेदारों ने स्वयं तहसील प्रशासन को महल की चाबियां सौंप दीं।

नगर पालिका प्रशासन द्वारा 8 जनवरी को रम्पा महल, रानी कोठी और लाल कपड़ा कोठी को खाली करने का अंतिम नोटिस जारी किया गया था। इससे एक दिन पहले 7 जनवरी को समाजवादी पार्टी कार्यालय समेत छह अन्य संपत्तियों को भी चिन्हित किया गया था। प्रशासन की लगातार कार्रवाई और सख्त रुख को देखते हुए रम्पा महल के कब्जेदारों ने स्वेच्छा से कब्जा छोड़ने का निर्णय लिया।

सोमवार को कब्जेदारों द्वारा चाबियां सौंपे जाने के बाद तहसीलदार सदर अतुल सेन सिंह राजस्व टीम और भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि रम्पा महल पर मनोरमा के करीबी शकील का लंबे समय से कब्जा था। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर पीएसी और स्थानीय पुलिस बल तैनात रहा।
और महल पर जड़ा सरकारी ताला , प्रशासन ने कब्जा लेते ही रम्पा महल के मुख्य गेट पर सरकारी ताला जड़ दिया। इसके साथ ही संपत्ति को पूरी तरह सुरक्षित कर लिया गया है और आगे की विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

तहसीलदार सदर अतुल सेन सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नजूल की जमीनों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रम्पा महल को मुक्त कराना अभियान की केवल शुरुआत है। आने वाले दिनों में रानी कोठी और लाल कपड़ा कोठी सहित अन्य चिन्हित संपत्तियों पर भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी।

तहसीलदार सदर अतुल सेन सिंह ने कहा कि नजूल संपत्तियों को अवैध कब्जों से मुक्त कराने का अभियान लगातार जारी रहेगा। सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ पूरी सख्ती से कार्रवाई होगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *