ब्यूरो रिपोर्ट ,सीतापुर : विकास खंड पहला की ग्राम पंचायत खालगांव के पहाड़ापुर गांव में आस्था, भक्ति और उत्सव का अनुपम संगम देखने को मिलेगा। शुक्रवार, 20 फरवरी को श्री खाटू श्याम , श्री सालासर हनुमान जी एवं राधा-कृष्ण मंदिर का भव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव श्रद्धा और वैदिक विधि-विधान के साथ आयोजित किया जाएगा।
इस नव-निर्मित एवं भव्य मंदिर का निर्माण पहाड़ापुर के प्रधान प्रतिनिधि और अनन्य श्याम भक्त मोहित यादव के अथक प्रयासों से संपन्न हुआ है।
यूथ फार्मासिस्ट फेडरेशन सीतापुर के जिला अध्यक्ष एवं श्याम प्रेमी रंजीत यादव ‘रिशू’ ने जानकारी देते हुए बताया कि महोत्सव के अवसर पर नगर भ्रमण, भव्य परिक्रमा एवं निशान यात्रा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्याम भक्त शामिल होंगे।
प्राण प्रतिष्ठा के पश्चात बाबा श्याम का अलौकिक श्रृंगार किया जाएगा, वहीं विशाल श्याम संकीर्तन में सुप्रसिद्ध भजन गायकों द्वारा भक्तिरस से ओत-प्रोत भजनों की प्रस्तुति होगी।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का समापन विशाल भंडारे के साथ किया जाएगा, जिसमें लगभग 8 हजार श्रद्धालुओं के प्रसाद ग्रहण करने की संभावना है। आयोजन को लेकर मंदिर कमेटी द्वारा सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
मंदिर निर्माणकर्ता मोहित यादव एवं समस्त क्षेत्रवासियों ने जनपद सहित आसपास के क्षेत्रों के सभी श्याम प्रेमियों से इस ऐतिहासिक एवं पुण्यदायी आयोजन में सहभागिता कर धर्मलाभ अर्जित करने की अपील की है।
इस आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और वातावरण “हारे के सहारे बाबा श्याम” के जयकारों से गूंज उठा है।
