“सेवा भाव से ही सशक्त और स्वस्थ समाज का निर्माण संभव” – रंजीत यादव ‘रिशू’
ब्यूरो रिपोर्ट सीतापुर : जनपद के ग्रामीण अंचलों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए जिला अध्यक्ष यूथ फार्मासिस्ट फेडरेशन एवं जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी (वार्ड संख्या 59) रंजीत यादव ‘रिशू’ के नेतृत्व में विकासखंड पहला की ग्राम पंचायत दरियापुर अंतर्गत ग्राम नेकनामपुर में सोमवार को एक भव्य निःशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
इस जनकल्याणकारी शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना रहा। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ लिया, जिससे आयोजन पूरी तरह सफल और जनोपयोगी सिद्ध हुआ।
शिविर के दौरान कुल 263 मरीजों की विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा बारीकी से जांच की गई। जांच के पश्चात सभी मरीजों को दो दिन की आवश्यक दवाएं पूरी तरह निःशुल्क वितरित की गईं। तो वहीं आंखों से संबंधित गंभीर बीमारियों से पीड़ित 9 मरीजों को चिन्हित कर निःशुल्क ऑपरेशन एवं बेहतर इलाज के लिए हिंद अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जिससे मरीजों और उनके परिजनों में विशेष राहत देखने को मिली।
इस शिविर में हिंद अस्पताल के अनुभवी चिकित्सकों की टीम ने अपनी उत्कृष्ट सेवाएं दीं। इनमें डॉ. सजाद हुसैन (जनरल सर्जरी), डॉ. उदय प्रताप सिंह (जनरल मेडिसिन), डॉ. निष्ठा श्रीवास्तव (नेत्र रोग विशेषज्ञ) एवं डॉ. तनवी (स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ) प्रमुख रूप से शामिल रहीं। चिकित्सा कार्य में नर्सिंग एवं फार्मासिस्ट टीम से अनामिका मिश्रा, शिवानी, विनोद कुमार, रजनीश कुमार एवं रुद्रेश कुमार का योगदान भी सराहनीय रहा।
इस अवसर पर रंजीत यादव ‘रिशू’ ने कहा कि “स्वस्थ समाज ही सशक्त समाज की नींव होता है। मेरा प्रयास है कि वार्ड संख्या 59 के प्रत्येक गांव तक निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचें, ताकि कोई भी व्यक्ति केवल आर्थिक कमजोरी के कारण इलाज से वंचित न रहे।”
कार्यक्रम को सफल बनाने में अभय यादव, लल्लू कुमार, हरेंद्र यादव, शिवकुमार, सुमित, राजवीर, ऋषभ, लवलेश सहित सैकड़ों ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता रही। ग्रामीणों ने इस जनसेवी पहल की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की अपेक्षा जताई।
