ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर : शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल द्वारा थाना खैराबाद का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय, मालखाना, भोजनालय, हवालात, कंप्यूटर कक्ष सहित पूरे थाना परिसर की साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
इस दौरान अपराध रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर, मालखाना रजिस्टर, विवेचना रजिस्टर, फ्लाई शीट सहित अन्य अभिलेखों का अवलोकन कर उनके सुव्यवस्थित रख-रखाव एवं अद्यतन प्रविष्टियों की जांच की गई।
लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, अपराध नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों की प्रभावी रोकथाम तथा जनशिकायतों के समयबद्ध समाधान पर विशेष जोर दिया गया।
इसके साथ ही यातायात प्रबंधन, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उपायों तथा महिला संबंधी अपराधों की समीक्षा की गई। थाना स्तर पर उपलब्ध सुविधाओं की भी समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनने एवं त्वरित व निष्पक्ष समाधान के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षण हेतु थाना आए प्रशिक्षु आरक्षियों से संवाद स्थापित कर उनके प्रशिक्षण व कार्यशैली की जानकारी ली गई। सभी प्रशिक्षु आरक्षियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, ईमानदारी एवं जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा प्रशिक्षण अवधि का पूर्ण उपयोग करते हुए वरिष्ठ अधिकारियों एवं अनुभवी कर्मियों से सीख लेने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी नगर विनायक भोसले, प्रभारी निरीक्षक थाना खैराबाद सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
