भव्य वार्षिकोत्सव व प्रतिभा सम्मान समारोह में प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: महमूदाबाद ग्रामीण इलाके में स्थित में श्री महावीर प्रसाद मिश्र मेमोरियल शिक्षण संस्थान, सदरावाँ में आयोजित वार्षिकोत्सव एवं प्रतिभा सम्मान समारोह भव्यता और उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ शारदे एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ किया गया।

समारोह का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्षा श्रद्धा सागर, संस्थान के प्रबंधक निवास मिश्र, ग्राम प्रधान अनुज यादव, उपप्रबंधक गौरव मिश्र एवं कृतार्थ मिश्र द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

विद्यालय परिवार द्वारा जिला पंचायत अध्यक्षा सहित विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संगठन मंत्री विजय प्रताप, विधायक प्रतिनिधि आकाश मौर्य, वरिष्ठ नेता सुरेश वर्मा, सीओ महमूदाबाद वेद प्रकाश श्रीवास्तव, एबीवीपी नगर अध्यक्ष राहुल सिंह, कवि शशि बिंदु यादव, समाजसेवी राजेंद्र यादव, धर्मेंद्र कुमार, सुशील यादव, कमलेश राजपूत, अरविंद, रवि अवस्थी, प्रदीप सिंह, अरुण तिवारी, दुर्विजय यादव, राजेंद्र सिंह, काली प्रसाद , मनोज पासवान, धर्मेंद्र सिंह सहित एक सैकड़ा से अधिक अतिथियों व समाजसेवियों का माल्यार्पण एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में छात्र-छात्राओं ने माँ सरस्वती वंदना एवं गणेश वंदना की मनमोहक प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके अतिरिक्त एकल एवं समूह लोकनृत्य ने उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों का मन मोह लिया। विशेष प्रस्तुतियों में ऑपरेशन सिंदूर, भगवान बुद्ध वंदना, लव-कुश संवाद तथा यमराज-सावित्री संवाद कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण रहे।

समारोह के दौरान बस्ता, राखी, मेहंदी, रंगोली, मटकी सजाओ, गणेश चतुर्थी, हिंदी सुलेख, दीप-थाल सज्जा प्रतियोगिता सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं जैसे बोरी दौड़, कंचा दौड़, जलेबी दौड़ एवं मेंढक दौड़ में प्रतिभाग करने वाले तथा वार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लगभग 500 मेधावी छात्र-छात्राओं को स्मृति चिन्ह एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यालय के सहयोगी अभिभावकों को भी विशेष रूप से सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण मिलिट्री स्काउट एवं स्वागत वालेंटियर दल रहा, जिसने अनुशासित एवं आत्मीय स्वागत कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।

मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में छात्र-छात्राओं को अनुशासन, परिश्रम और नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने का संदेश देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा विद्यालय में स्थापित कंप्यूटर एवं प्रोजेक्टर लैब का उद्घाटन भी किया गया।

कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षक अनुज शुक्ल द्वारा किया गया। समारोह की सफलता पर उपस्थित जनसमूह ने विद्यालय परिवार के शैक्षिक एवं सामाजिक प्रयासों की मुक्तकंठ से सराहना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, अभिभावक, माताएं-बहनें एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। विद्यालय परिवार ने कार्यक्रम को सफल बनाने वाले सभी सहयोगियों एवं आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *