ब्यूरो रिपोर्ट ,सीतापुर : थाना महमूदाबाद क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय चोर गिरोहों पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।
महमूदाबाद पुलिस ने मुकदमा संख्या 40/2026 में वांछित अभियुक्त सुमित (31 वर्ष) को अमीरगंज क्षेत्र से दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्त सुमित, संत नगर निवासी, थाना सिधौली, जनपद सीतापुर का रहने वाला बताया गया है। अभियुक्त के विरुद्ध धारा 305E, 331(4) व 317(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत कार्रवाई की गई है।
चोरी का सामान बरामद, कई अहम दस्तावेज हाथ लगे : पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से चोरी किया गया डेल कंपनी का लैपटॉप, चार्जर, पेन ड्राइव, डिजिटल सिग्नेचर, फीता तथा पीतल की गुनिया (एक बड़ी व दो छोटी) बरामद की है। बरामद डिजिटल उपकरणों के कारण यह मामला और भी संवेदनशील माना जा रहा है, क्योंकि इनमें सरकारी दस्तावेजों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां होने की आशंका जताई जा रही है।
आपूर्ति कार्यालय का ताला तोड़कर की गई थी चोरी : पुलिस के अनुसार यह चोरी 6 फरवरी 2026 की रात को तहसील महमूदाबाद स्थित आपूर्ति कार्यालय का ताला तोड़कर की गई थी। घटना के बाद तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। लगातार सुरागरसी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने अभियुक्त तक पहुंच बनाई।
बरामदगी के बाद धाराओं में बढ़ोतरी, न्यायालय भेजा गया अभियुक्त : बरामदगी के बाद मामले में धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए अभियुक्त को न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका को लेकर भी जांच जारी है।
पुलिस की कार्रवाई से अपराधियों में मचा हड़कंप :
महमूदाबाद पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है। आमजन ने पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए इसे कानून व्यवस्था के लिए सकारात्मक कदम बताया है।
