यूथ फार्मासिस्ट फेडरेशन व केजीएमयू के सहयोग से विशाल निःशुल्क दंत एवं मुख कैंसर जागरूकता शिविर सम्पन्न

सहयोग छात्र शिक्षा समिति बनी कार्यक्रम की विशेष आकर्षण, शिक्षा सामग्री वितरण से जीता ग्रामीणों का दिल

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर : जनपद के ग्रामीण अंचल में स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय पहल करते हुए यूथ फार्मासिस्ट फेडरेशन के जिला अध्यक्ष रंजीत यादव ‘रिशू’ के नेतृत्व में किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) लखनऊ के ओरल एवं मैक्सिलोफेशियल सर्जरी विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा एक विशाल निःशुल्क दंत एवं मुख कैंसर जागरूकता शिविर का सफल बेहमा में आयोजन किया गया। इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR), नई दिल्ली द्वारा प्रायोजित इस शिविर में क्षेत्र के कुल 248 मरीजों का परीक्षण कर उन्हें विशेषज्ञ परामर्श प्रदान किया गया।

शिविर में मुख कैंसर के लक्षण, बचाव और समय पर जांच के महत्व के बारे में विस्तार से जागरूक किया गया। चिकित्सकों ने ग्रामीणों को तंबाकू एवं गुटखा सेवन से होने वाले दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए नियमित जांच की सलाह दी।

सहयोग छात्र शिक्षा समिति की अनूठी पहल : इस कार्यक्रम की विशेष उपलब्धि रही सहयोग छात्र शिक्षा समिति की सक्रिय भागीदारी। समिति के अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार के नेतृत्व में जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री वितरित की गई। ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को कॉपी, पेन, पुस्तिकाएं एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में सार्थक प्रयास किया गया।

समिति के इस कदम ने न केवल शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई, बल्कि यह संदेश भी दिया कि स्वास्थ्य और शिक्षा दोनों ही सामाजिक विकास के मजबूत स्तंभ हैं। उपस्थित अभिभावकों ने समिति की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।

248 मरीजों को निःशुल्क उपचार व दवा वितरण
शिविर में आए सभी मरीजों को दंत परीक्षण के साथ निःशुल्क मंजन, माउथवॉश एवं आवश्यक दवाइयां वितरित की गईं। गंभीर लक्षण पाए जाने वाले मरीजों को आगे की जांच व उपचार के लिए परामर्श दिया गया।

विशिष्ट जनों की गरिमामयी उपस्थिति : कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हिंद इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज की चेयरपर्सन डॉ. ऋचा मिश्रा उपस्थित रहीं। उन्होंने रंजीत यादव ‘रिशू’ द्वारा किए जा रहे जनसेवा कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के जागरूकता शिविर अत्यंत आवश्यक हैं।

कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला पंचायत सदस्य प्रेमदीप जायसवाल, किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष मयंक सिंह चौहान, जिला प्रवक्ता भूपेंद्र सिंह तोमर सहित यूथ फार्मासिस्ट फेडरेशन के जिला महामंत्री रविराम यादव, डॉ. अखिलेश पाण्डेय, डॉ. अब्दुल, विनय, अभिषेक, राजवीर, अरुण, पंकज, कुणाल शर्मा व सैकड़ों ग्रामीणों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

अंत में जिला अध्यक्ष रंजीत यादव ‘रिशू’ ने सभी चिकित्सकों, अतिथियों एवं सहयोगी संगठनों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प दोहराया।

यह शिविर स्वास्थ्य सेवा के साथ-साथ शिक्षा सहयोग की दृष्टि से भी एक प्रेरणादायी मिसाल बनकर सामने आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *