शहीद भगत सिंह पूर्व माध्यमिक विद्यालय बेहमा के पांच विद्यार्थियों ने टॉप-200 में बनाई जगह, किया गया सम्मानित

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर:  विकास खंड पहला क्षेत्र में शिक्षा की अलख जगा रहा शहीद भगत सिंह पूर्व माध्यमिक विद्यालय बेहमा सीतापुर में एक बार फिर अपनी शैक्षिक उत्कृष्टता के कारण चर्चा में है। शिक्षा और सामाजिक सरोकारों को समर्पित ग्रीन क्लीन एजुकेटेड विलेज फाउंडेशन द्वारा आयोजित जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता ‘ऊँची उड़ान के परिंदे’ के सातवें संस्करण में विद्यालय के पाँच विद्यार्थियों ने टॉप-200 में स्थान बनाकर विद्यालय परिवार और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।

प्रतियोगिता में जिले भर के सैकड़ों प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने भाग लिया, बेहमा स्थित विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपनी मेहनत, लगन और शिक्षकों के मार्गदर्शन से उल्लेखनीय सफलता अर्जित की। विद्यालय की मेधावी छात्रा वर्तिका राज ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए टॉप-200 में 112वां स्थान प्राप्त किया। इसके साथ ही विनीत, सीमा बानो, राधा और आस्था ने भी टॉप-200 में जगह बनाकर विद्यालय का नाम रोशन किया।

विद्यालय परिवार में इस उपलब्धि को लेकर हर्ष और गर्व का वातावरण है। प्रधानाध्यापक एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों की सफलता को सामूहिक प्रयास का परिणाम बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि नियमित शैक्षणिक अभ्यास, अनुशासन और सकारात्मक वातावरण का प्रतिफल है। अभिभावकों ने भी विद्यालय की शैक्षिक गुणवत्ता और समर्पण की सराहना की।

परिणाम घोषणा समारोह में फाउंडेशन के संस्थापक एवं सीईओ ताराचंद्र, सहयोग छात्र शिक्षा समिति के प्रबंधक धर्मेंद्र कुमार, भावी जिला पंचायत सदस्य (वार्ड 59) रंजीत यादव , मनोज पासवान (पत्रकार) दिलीप कुमार सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। सभी चयनित विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी गईं।

इस अवसर पर संस्था ने शिक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण को जोड़ते हुए एक प्रेरक घोषणा की। ‘ऊँची उड़ान के परिंदे’ के 8वें संस्करण में भाग लेने वाले प्रत्येक विद्यार्थी के नाम पर एक-एक पौधा लगाया जाएगा। इसके अतिरिक्त “संकल्प अभियान” के तहत आगामी दो वर्षों में 200 आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को गोद लेकर उनकी संपूर्ण शिक्षा का खर्च वहन करने का संकल्प लिया गया है।

फाउंडेशन के सीईओ ताराचंद्र ने कहा कि संस्था का उद्देश्य ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराकर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। विद्यालय की इस उपलब्धि ने यह सिद्ध कर दिया है कि संसाधनों की सीमाओं के बावजूद दृढ़ संकल्प, समर्पित शिक्षक-समूह और सकारात्मक शैक्षिक वातावरण से बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है।

शहीद भगत सिंह पूर्व माध्यमिक विद्यालय, बेहमा की यह उपलब्धि न केवल विद्यालय परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *