पहला ब्लॉक की पांच ग्राम पंचायतों में परियोजना का शुभारंभ

ब्यूरो रिपोर्ट ,सीतापुर :  विकास खंड पहला इलाके में सामाजिक संस्था PACE Lucknow एवं Digital Democracy Initiative (एकाउंटेबिलिटी लैब साउथ एशिया) के संयुक्त तत्वावधान में विकास खंड पहला की 5 ग्राम पंचायतों के 10 गांवों में एक नई डिजिटल सशक्तिकरण परियोजना का शुभारंभ फरवरी माह से किया गया है। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को डिजिटल माध्यमों के जरिए सरकारी योजनाओं से जोड़ना और उन्हें तकनीकी रूप से सक्षम बनाना है।
परियोजना के प्रथम चरण में चयनित ग्राम पंचायतों एवं गांवों का निर्धारण किया गया।

इसके पश्चात इन 10 गांवों से 50 युवाओं का चयन कर उन्हें परियोजना से जोड़ा गया है। चयनित युवाओं को आगामी चरण में विभिन्न सरकारी योजनाओं के डिजिटल पोर्टल, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, शिकायत निवारण तंत्र तथा डिजिटल पारदर्शिता से संबंधित विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

इसी क्रम में संबंधित ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों के साथ बैठक आयोजित कर परियोजना के उद्देश्यों, कार्ययोजना एवं अपेक्षित सहयोग पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में ग्रामीण स्तर पर डिजिटल जागरूकता बढ़ाने और युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।

परियोजना के अंतर्गत 16 फरवरी से चयनित पंचायतों में बेसलाइन सर्वेक्षण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। यह सर्वेक्षण ग्रामीणों की वर्तमान डिजिटल स्थिति, सरकारी योजनाओं तक उनकी पहुंच एवं जागरूकता स्तर का आकलन करेगा, जिससे आगे की रणनीति प्रभावी ढंग से तैयार की जा सके। सर्वेक्षण कार्य परियोजना टीम के सदस्य रितिक अवस्थी, आकांक्षा मिश्रा, वंदना, तनुजा एवं राजाराम द्वारा संचालित किया जा रहा है।

इस संबंध में पेस संस्था की कार्यक्रम समन्वयक बीना पाण्डेय एवं एमआईएस समन्वयक हरिओम बाजपेई ने संयुक्त रूप से जानकारी साझा करते हुए बताया कि यह पहल ग्रामीण युवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने और पारदर्शी शासन व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *