ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: महमूदाबाद से फतेहपुर होते हुए पैंतेपुर जाने वाला मुख्य संपर्क मार्ग इन दिनों राहगीरों के लिए मुसीबत का कारण बन गया है। सड़क पर जगह-जगह उखड़ी बजरी, धंसते हिस्से और बने गड्ढों के चलते दोपहिया वाहन चालकों का संतुलन बिगड़ रहा है। स्थिति इतनी गंभीर है कि आए दिन बाइक और स्कूटी सवार फिसलकर चोटिल हो रहे हैं।
सुबह के समय जब स्कूली बच्चे अपने अभिभावकों के साथ स्कूल के लिए निकलते हैं, तब यह मार्ग सबसे अधिक खतरनाक साबित हो रहा है। उखड़ी हुई बजरी के कारण अचानक पहिया फिसलने से कई बार लोग गिरकर घायल हो चुके हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह सड़क काफी प्रयासों के बाद विधायक आशा मौर्या की पहल पर बनवाई गई थी, लेकिन निर्माण के तीन वर्ष भी पूरे नहीं हुए कि सड़क की परत उखड़ने लगी।
बताया जा रहा है कि हाल के महीनों में दो बार पैचवर्क कराया गया, परंतु वह भी औपचारिकता भर साबित हुआ। थोड़े समय बाद ही सड़क की हालत फिर पहले जैसी हो गई। जगह-जगह फैली बजरी के कारण फिसलन बढ़ गई है और बड़े हादसे की आशंका लगातार बनी हुई है।
क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा स्थायी समाधान के तहत मजबूत पुनर्निर्माण कराया जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
राहगीरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है, ताकि यह मार्ग फिर से सुरक्षित और सुगम बन सके।
