ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: महमूदाबाद में फिल्म प्रोड्यूसर संदीप तोमर द्वारा निर्मित प्रस्तावित फिल्म “यादव जी की लव स्टोरी” के विरोध में मंगलवार को महमूदाबाद में जनमानस ने शांतिपूर्ण पैदल मार्च निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने रामकुंड चौराहा से तहसील कार्यालय तक मार्च करते हुए।
उपजिलाधिकारी महमूदाबाद को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन को केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव (भारत सरकार) को प्रेषित किए जाने की मांग की गई।
प्रदर्शन में शामिल लोगों का आरोप है कि प्रस्तावित फिल्म की विषय-वस्तु से जातीय तनाव और सामाजिक वैमनस्य की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
उन्होंने आशंका जताई कि फिल्म की कुछ सामग्री धार्मिक भावनाओं को आहत कर सकती है, जिससे क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द प्रभावित हो सकता है। इस संदर्भ में उन्होंने प्रशासन से फिल्म की पटकथा और विषय-वस्तु की गहन जांच कराने तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि फिल्म में मुख्य भूमिका यूट्यूबर प्रगति तिवारी द्वारा निभाई जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि समाज में आपसी भाईचारा और सामंजस्य बनाए रखना सर्वोपरि है, इसलिए किसी भी प्रकार की भड़काऊ या विवादास्पद सामग्री पर समय रहते रोक लगाई जानी चाहिए।पैदल मार्च शांतिपूर्ण और अनुशासित ढंग से संपन्न हुआ। प्रशासन ने ज्ञापन प्राप्त कर इसे उच्चाधिकारियों तक भेजने का आश्वासन दिया है।
विरोध प्रदर्शन में अशोक वर्मा, राज यादव, डॉ. अखिलेश वर्मा, यशपाल सिंह, आलोक आजाद, प्रवीण यादव, अभिषेक वर्मा, मोइन मंसूर, रमेश चंद्र गौतम, मुन्ना प्रधान, बबलू प्रधान, ओमप्रकाश (जल निगम), उपेंद्र यादव, नरेंद्र यादव, संतोष यादव, अनूप यादव सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
