ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर : महमूदाबाद में सीता ग्रुप ऑफ एजूकेशन के शास्त्री सभागार में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को विधिक जागरूकता और जीवन मूल्यों की महत्वपूर्ण सीख दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जिला एवं सत्र न्यायाधीश व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीतापुर के अध्यक्ष आशीष जैन ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा समाज और देश की असली ताकत हैं, जिनके विचार ही प्रगति की दिशा तय करते हैं।
उन्होंने कहा कि युवाओं के मन में नए-नए विचार जन्म लेते हैं और जब इन विचारों को समाज व देशहित में लगाया जाता है, तो विकास की गति तेज होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे पढ़ाई के साथ-साथ समाज के गरीब, शोषित और पीड़ित वर्ग को उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करें, ताकि उन्हें न्याय दिलाने में सहायता मिल सके।
आशीष जैन ने लक्ष्य निर्धारण के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को जीवन में हमेशा बड़े लक्ष्य तय करने चाहिए और उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर परिश्रम करना चाहिए। उन्होंने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सभी नागरिकों को निःशुल्क और सुलभ न्याय उपलब्ध कराने के लिए सदैव तत्पर है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव विजयभान, सिविल जज जूनियर डिवीजन रोहित पुरी, वरिष्ठ लिपिक अशोक राणा तथा प्राविधिक स्वयंसेवक आदित्य वर्मा, भानु मिश्र, उमाशंकर व राजेंद्र वर्मा उपस्थित रहे।
सभी अतिथियों का स्वागत संस्था के चेयरमैन आर.के. वाजपेयी, कार्यालय प्रमुख राकेश शुक्ल एवं व्यवस्था प्रमुख शिवसेवक मिश्र ने बैज अलंकरण, माल्यार्पण, अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह भेंटकर किया।
कार्यक्रम का संचालन विधिक सहायता रक्षा अधिवक्ता भूपेंद्र दीक्षित ने किया, जबकि अंत में चेयरमैन आर.के. वाजपेयी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
